वर्द्धमान महाविद्यालय में अकादमिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ,तिलक लगाकर छात्राओं का आत्मीय स्वागत

ब्यावर: श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में अकादमिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह, उल्लास एवं आत्मीय वातावरण के साथ किया गया। महाविद्यालय परिसर में नवप्रवेशित एवं नियमित छात्राओं का प्राचार्य एवं समस्त संकाय सदस्यों ने तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महाविद्यालय परिसर में नए सत्र के प्रथम दिवस पर छात्राओं में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। संकाय सदस्यों ने छात्राओं का आत्मीय अभिनंदन करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराया।

इस अवसर पर वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि महाविद्यालय केवल उच्च शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और नेतृत्व क्षमता के विकास का सशक्त माध्यम है। हमारा उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक नागरिक बनाना है।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय की प्रत्येक छात्रा हमारे परिवार का सदस्य है। हम ऐसा शिक्षण वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जहाँ छात्राएँ ज्ञान, अनुशासन, नवाचार और नैतिक मूल्यों के साथ अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया |

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!