*वर्द्धमान रूट्स की प्रतिभाशाली छात्रा डेलिशा अग्रवाल बनीं ‘IBR Achiever’, श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति ने किया सम्मानित*
ब्यावर। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इसका सजीव उदाहरण प्रस्तुत किया है ब्यावर शहर के प्रतिष्ठित सर्राफ परिवार की मात्र 5 वर्षीय बालिका डेलिशा अग्रवाल ने। अपनी विलक्षण स्मरण शक्ति, आध्यात्मिक अभिरुचि एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति क्षमता के दम पर डेलिशा ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘IBR Achiever’ सम्मान को प्राप्त कर ब्यावर का गौरव बढ़ाया है।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित वर्द्धमान रूट्स की छात्रा डेलिशा अग्रवाल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर समिति की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख, वर्द्धमान रूट्स की प्राचार्या श्वेता नाहर तथा वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय के अकादमिक डायरेक्टर डॉ. रमेशचंद लोढ़ा ने डेलिशा को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।
समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि डेलिशा अग्रवाल की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार या विद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे ब्यावर शहर के लिए गर्व का विषय है। इतनी कम आयु में उनकी असाधारण स्मरण शक्ति, आध्यात्मिक संस्कार और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय के अकादमिक डायरेक्टर डॉ. रमेशचंद लोढ़ा ने कहा कि डेलिशा की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सुदृढ़ पारिवारिक संस्कार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक वातावरण बच्चों की प्रतिभा को प्रारंभिक अवस्था में ही राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकते हैं।
वर्द्धमान रूट्स की प्राचार्या श्वेता नाहर ने कहा कि डेलिशा की उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। उनकी सीखने की ललक, अनुशासन, अद्भुत स्मरण शक्ति एवं आत्मविश्वास अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक हैं।
शिवम अग्रवाल एवं निशा अग्रवाल की सुपुत्री डेलिशा अग्रवाल ने बेहद कम आयु में अपनी विलक्षण स्मरण शक्ति और आध्यात्मिक रुचि से सभी को प्रभावित किया है। उन्हें गिरिजा स्तुति, श्रीराम स्तुति, मराठी में गणेश आरती तथा आरती कुंज बिहारी की सहित अनेक धार्मिक स्तुतियां एवं आरतियां कंठस्थ हैं, जिन्हें वे सहजता एवं आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करती हैं।
समारोह के दौरान समिति के कार्यालय स्टाफ सदस्यों ने भी डेलिशा को शुभकामनाएं देते हुए उसकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।