सहायक कृषि अभियंता (कृषि विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025

आयोग ने जारी की विचारित सूची
अजमेर, 7 जुलाई। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक कृषि अभियंता (कृषि विभाग)  प्रतियोगी परीक्षा-2025 अंतर्गत विचारित सूची जारी की गई है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
सूची में 787 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए अस्थाई रूप से विचारित सूची में सम्मिलित किया गया है।
इसके साथ ही ओएमआर उत्तर पत्रक में 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में 5 विकल्पों में से कोई भी विकल्प नहीं भरने के कारण 17 अभ्यर्थियों को उक्त परीक्षा हेतु अयोग्य घोषित किया गया है। इन अभ्यर्थियों के रोल नम्बर पृथक से आयोग की वेबसाईट पर जारी कर दिये गए हैं ।
आयोग सचिव ने बताया कि विचारित सूची चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता सुनिश्चित करने के क्रम में केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य से है। यह चयन सूची अथवा वरीयता सूची नहीं है। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग (कृषि विभाग) द्वारा दस्तावेज सत्यापन कराए जाने के पश्चात आयोग द्वारा जारी की जाएगी।
विचारित सूची में सम्मिलित अभ्यर्थी को विस्तृत आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरने होंगे।  विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने का लिंक 11 से 17 जुलाई 2026 (रात्रि 11.59) तक खोला जाएगा। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन तथा दस्तावेज सत्यापन के संबंध में आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना भी आवश्यक रूप से सुनिश्चित करनी होगी।
 
संबंधित विभाग द्वारा की जाएगी विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच_
विचारित सूची में अस्थाई रूप से सम्मिलित किए गए अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी- अप्लाई नाउ का चयन कर अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरें। विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच संबंधित विभाग द्वारा ही की जायेगी।
अतः ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने व सबमिट करने के उपरांत प्रिंट ऑप्शन पर जाकर सम्पूर्ण विस्तृत आवेदन पत्र को 02 प्रतियों में प्रिंट कर अपने पास संभाल कर रखें तथा संबंधित विभाग की सूचना के अनुसार निर्धारित दिनांक, समय व स्थान पर विस्तृत आवेदन-पत्र (दो प्रतियों में) मय समस्त मूल दस्तावेजों व स्वयं सत्यापित प्रतियों सहित उपस्थित होवें। इस हेतु संबंधित विभाग द्वारा ही उचित माध्यम से अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन हेतु सूचित कराने की कार्यवाही संपादित की जायेगी एवं राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा अलग से कोई सूचना अभ्यर्थियों को प्रेषित नहीं की जायेगी। विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन हेतु निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होने पर अभ्यर्थियों को अपात्र मानते हुए परिणाम में विचारित नहीं किया जायेगा। संबंधित विभाग से दस्तावेज जांच/सत्यापन उपरांत, पात्र अभ्यर्थियों की सूची विभाग द्वारा आयोग को भेजी जाएगी, जिसके उपरांत आयोग द्वारा परिणाम जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति हेतु संबंधित विभाग को अभिस्तावित किया जाएगा। पात्रता जांच विज्ञापन की शर्तों व नियमों के अनुसार की जाएगी। पात्रता की समस्त शर्तें नियमानुसार पूर्ण नहीं करने वाले अभ्यर्थी की पात्रता रद्द कर दी जाएगी।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!