विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने बोराज तालाब की नवनिर्मित पाल का किया निरीक्षण

बुधवार को किया जाएगा लोकार्पण

अजमेर, 7 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को वरुण सागर रोड़ स्थित बोराज तालाब की नवनिर्मित पाल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, पाल की ऊंचाई, जल निकासी व्यवस्था तथा खुदाई कार्य का मौके पर अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से निर्धारित मापदंडों के बारे में चर्चा की। बुधवार 8 जुलाई को इस नवनिर्मित पाल का लोकार्पण किया जाएगा।

अजमेर विकास प्राधिकरण के माध्यम से बोराज तालाब में विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया गया। इस पर कुल 3 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है। इस नवनिर्मित पाल की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था को जांचने के लिए अधिकारियों ने हाल ही में मानसून की बारिश के दौरान ही मौके पर पहुंचकर इसका बारीकी से निरीक्षण किया था। अब यह कार्य पूरी तरह तैयार है। बुधवार 8 जुलाई को औपचारिक रूप से इसका लोकार्पण किया जाएगा।

बोराज तालाब के निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने अधिकारियों से पाल की ऊंचाई के तकनीकी मानकों के बारे में जानकारी ली। इससे आगामी मानसून में क्षेत्र में किसी प्रकार की जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। उन्होंने ओवरफ्लो पानी की समुचित निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था को भी देखा।

 उन्होंने तालाब में किए गए खुदाई कार्य से भराव क्षमता में वृद्धि के बारे में जानकारी ली। खुदाई कार्य व्यवस्थित एवं पर्याप्त गहराई तक होने से वर्षा जल को रोकने की क्षमता बढ़ेगी। इससे अधिकतम जल संचय हो सके तथा वर्षा जल का संरक्षण प्रभावी रूप से किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह जल संचय संरचना क्षेत्र में जल संरक्षण के साथ एक रमणीय स्थल के रूप में भी विकसित होगी।

 विधानसभा अध्यक्ष ने नवकार नगर, स्वास्तिक नगर एवं आसपास के क्षेत्र के स्थानीय निवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। क्षेत्रवासियों से पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित जानकारी ली। साथ ही गत मानसून में अतिवृष्टि से प्रभावित व्यक्तियों से वात्र्तालाप किया। उन्हें इस मानसून में किसी प्रकार की समस्या नहीं होने का आश्वासन दिया।

उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि बोराज तालाब की पाल के सुदृढ़ निर्माण से आगामी वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित होगी। उन्होंने अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की वर्षा पूर्व समस्त कार्यों को अंतिम रूप से पूर्ण करने पर सराहना की।

 श्री देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश एवं अजमेर शहर में जल संरक्षण, आधारभूत संरचनाओं के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बोराज तालाब की पाल का पुनर्निर्माण क्षेत्र के लिए दीर्घकालीन लाभकारी सिद्ध होगा।

 इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता श्री ओ. पी. वर्मा, अधीक्षण अभियंता श्री राजीव मीणा सहित स्थानीय गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!