विधानसभा अध्यक्ष ने बोराज तालाब की क्षतिग्रस्त पाल के निर्माण एवं मरम्मत कार्य का किया लोकार्पण
अजमेर, 8 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को वरुण सागर रोड स्थित बोराज तालाब की क्षतिग्रस्त पाल के निर्माण एवं मरम्मत कार्य का लोकार्पण किया। इस कार्य पर कुल 332.72 लाख रुपये की लागत आई। बोराज तालाब की पाल के पुनर्निर्माण कार्य के शुभारम्भ से उत्साहित नवकार नगर, स्वास्तिक नगर सहित आसपास के क्षेत्र के निवासियों ने विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गत वर्ष हुई अतिवृष्टि के कारण बोराज तालाब की पाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे स्वास्तिक नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों से किए गए वादे के अनुरूप अब अजमेर विकास प्राधिकरण के माध्यम से इस पाल का पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण मानसून से पूर्व करवा लिया गया। इससे आगामी मानसून में क्षेत्र में जलभराव या किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होगी तथा तालाब की संरचना भी सुरक्षित और मजबूत हुई है। इसका शिलान्यास 17 मार्च को किया गया था। मात्र 3 माह में इसका निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। इसके लिए एडीए के अभियंता धन्यवाद के पात्र है।
उन्होंने कहा कि बोराज तलाब की पाल को आरसीसी की मजबूत रिटेनिंग वॉल तैयार की गई है। साथ ही अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए आरसीसी के कलवर्ट बॉक्स के साथ 150 मीटर लम्बाई का चैनल बनाया गया है। अतिवृष्टि एवं अतिरिक्त जल भराव के समय जल निकासी सुनिश्चित होगी। बोराज तलाब से मिट्टी हटवाकर जल भराव क्षमता को भी बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि बोराज गांव मेरे द्वारा गोद लिया गया है। इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। पेयजल के लिए टंकी बनने से पीने के पानी की व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। कच्ची सड़कों को पक्की बनाया गया है। बोराज की बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए पास में ही हाथी खेड़ा में बालिका सैनिक स्कूल बनेगा। अजमेर शहर के कायाकल्प और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अजमेर के मुख्य एंट्रेंस पर विशेष आकर्षक लाइटिंग के साथ एन्ट्री प्लाजा गेट बन रहा है। अंबेडकर सर्किल तक 8 करोड़ रुपये की लागत से फव्वारे तथा घुमटियां लगाकर सौंदर्यकरण का कार्य किया जाएगा। फॉयसागर झील का नाम अब आधिकारिक रूप से वरुण सागर किया गया है और 250 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि से इसका पुनरुद्धार व सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चौरसियावास तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य तथा सवा तीन करोड़ रुपये की लागत से बोराज तालाब की पाल बनवाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एतिहासिक धरोहरों और स्थानों का भारतीय संस्कृति के अनुरूप नामकरण करते हुए किंग एडवर्ड मेमोरियल का नाम बदलकर महर्षि दयानंद विश्राम स्थल, एलिवेटेड रोड का नाम रामसेतु, खादिम होटल का नाम अजमेरू होटल तथा क्रिश्चियन गंज का नाम बदलकर कृष्ण गंज किया गया है।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में नवाचार वृद्धि के लिए पंचशील में साइंस पार्क विकसित किया जा रहा है। साइंस पार्क में दिन में भी तारे देखने की प्लेनेटोरियम व्यवस्था होगी। अजयसर में बनने वाले लेपर्ड सफारी को भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क और आधुनिक सुविधाओं से लैस एक भव्य चार मंजिला लाइब्रेरी का निर्माण गांधी भवन के पीछे किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार के लिए आईटी पार्क भी विकसित किया जा रहा है। इसमें 3 बड़ी कंपनियों को प्लॉट अलॉट किए जा चुके हैं। बिजली की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए साल 2027 तक एक नया जीएसएस स्थापित किया जाएगा। अजमेर मेडिकल कॉलेज में 240 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। इससे अब स्थानीय मरीजों को गंभीर इलाज के लिए जयपुर या दिल्ली जैसे बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस अस्पताल में मरीजों की सहायता के लिए जेएलएन चिकित्सालय में 24 घंटे सातों दिन स्पीकर युक्त हेल्प डेस्क संचालित की जा रही है। अस्पताल में गरीबों व जरूरतमंदों के लिए महज 1 रुपये में शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने वाली स्वाभिमान रसोई के माध्यम से अब तक 1 लाख से अधिक लोग भोजन ग्रहण कर चुके हैं। आमजन को चिकित्सा सुविधा देने के लिए कोटड़ा में सैटेलाइट अस्पताल में 50 बेड की क्षमता वाले अस्पताल आरम्भ किया गया है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री दीपक शर्मा, अजमेर विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता श्री ओ.पी. वर्मा, अधीक्षण अभियंता श्री शशिकान्त, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता श्री गुलाब सिंह, श्री शंकर सिंह सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।