साहित्य, वाद-विवाद, खेलकूद एवं पदारोहण समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाया आत्मविश्वास, नेतृत्व और बहुमुखी प्रतिभा
ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना तथा नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंटर हाउस प्रतियोगिताओं एवं पदारोहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। विद्यालय के चारों हाउस—सम्यक, नवकार, वर्द्धमान एवं अरिहंत—के विद्यार्थियों ने साहित्यिक, बौद्धिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
वाद-विवाद में गूंजे तार्किक विचार
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेज़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित की गई।
जूनियर वर्ग का विषय “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विल रिप्लेस ह्यूमन बीइंग्स इन द फ्यूचर” रहा।
प्रतिभागियों ने पक्ष एवं विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत करते हुए अपनी तार्किक क्षमता एवं विषय की गहन समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिता के पक्ष में अरिहंत हाउस की कृतिका शेखावत प्रथम तथा नवकार हाउस की प्रणवी जैन द्वितीय रहीं। वहीं विपक्ष में वर्द्धमान हाउस के सार्थक बुरड़ प्रथम तथा नवकार हाउस की चार्वी मुणोत द्वितीय स्थान पर रहे। निर्णायक की भूमिका वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल के प्राचार्य अरविंद नाहर एवं वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय की प्रोफेसर राजकुमारी कुमावत ने निभाई।
सीनियर वर्ग का विषय “डज़ कॉम्पिटिटिव एनवायरनमेंट ऑफ मॉडर्न एकेडमिक सिस्टम शेप रेज़िलिएंट लीडर्स रादर दैन इंडिविजुअल्स” रखा गया। प्रतियोगिता के पक्ष में सम्यक हाउस के अरनम जैन प्रथम तथा अरिहंत हाउस की तन्वी जैन द्वितीय रहे। वहीं विपक्ष में अरिहंत हाउस की दर्पण बम्बानी प्रथम एवं सम्यक हाउस की रीति बांगड़ द्वितीय स्थान पर रहीं।
कविता वाचन में निखरी अभिव्यक्ति
कक्षा तृतीय से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए हिंदी कविता वाचन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कक्षा तृतीय में दृष्टि चौधरी प्रथम, कनक सैनी द्वितीय तथा दित्या भागचंदानी एवं प्रीत शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा चतुर्थ में चारुशी सोलंकी प्रथम, रंजन मिर्धा द्वितीय तथा तनिशी शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा पंचम में समृद्ध जैन प्रथम, अभिमन्यु सिंह द्वितीय तथा तेलीशा जोशी एवं नव्या तंवर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक ज्योति शर्मा एवं ज्योति चौहान रहे।
खेल मैदान में भी दिखा उत्साह
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत आयोजित जूनियर छात्र हैंडबॉल प्रतियोगिता में सम्यक हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्द्धमान हाउस उपविजेता रहा। जूनियर छात्रा वर्ग जूडो प्रतियोगिता में अरिहंत हाउस प्रथम, नवकार हाउस द्वितीय, सम्यक हाउस तृतीय तथा वर्द्धमान हाउस चतुर्थ स्थान पर रहा।
पदारोहण समारोह में मिली नेतृत्व की जिम्मेदारी
नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए आयोजित पदारोहण समारोह में नमन रांका को विद्यालय का हेड बॉय तथा विधि राठौड़ को हेड गर्ल मनोनीत किया गया। इसके साथ ही राघव बंजारा को मुख्य अनुशासन प्रभारी, अभिषेक सेवानी को मुख्य खेल प्रभारी, मनस्वी शर्मा को मुख्य सांस्कृतिक प्रभारी, कबीर सिंह सलूजा को मुख्य टूर एवं पिकनिक प्रभारी तथा सौम्या जैन को सूचना एवं संचार प्रभारी नियुक्त किया गया।
समारोह के समापन सत्र में विद्यालय के प्राचार्य श्री धर्मेन्द्र शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने साथियों के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा की भावना का निर्वहन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करते हुए विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने कहा कि विद्यालयी जीवन में प्रतियोगिताएं केवल जीत-हार का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ ऐसी गतिविधियों को भी निरंतर प्रोत्साहित करती है, जो उन्हें जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के योग्य बनाती हैं।
विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन निर्मला माली, सुखजीत कौर, समीर एस. कुमार, गौतम पहलवान, अनुपमा दाधीच एवं मेरी डेनियल ने किया।