श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में बालिकाओं के लिए महिला सुरक्षा एवं अधिकार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ब्यावर। महिला अधिकारिता विभाग, ब्यावर के निर्देशानुसार शनिवार को श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ, ब्यावर में छात्राओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, ब्यावर सिटी थाना की विधिक परामर्शदाता शानू प्रजापति तथा सामाजिक परामर्शदाता नीतेश सोनी ने छात्राओं से संवाद करते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा की रोकथाम एवं उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है तथा यह कानूनन दंडनीय अपराध है।
परामर्शदाताओं ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सावधानियाँ अपनाने तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राज्य सरकार की लाडो प्रोत्साहन योजना के उद्देश्य, लाभ एवं पात्रता की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू हिंसा, शोषण, उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार की प्रताड़ना की स्थिति में महिलाएँ एवं बालिकाएँ केंद्र से निःसंकोच संपर्क कर कानूनी एवं मनोसामाजिक सहायता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं को सहायता संबंधी जानकारी वाले पंपलेट वितरित किए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे केंद्र से संपर्क कर सकें।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. निवेदिता पाठक ने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा प्रत्येक परिवार, समाज और शैक्षणिक संस्था का नैतिक दायित्व है। शिक्षा तभी सार्थक है, जब वह विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा समय-समय पर महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, आत्मरक्षा एवं विधिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने अपने संदेश में कहा कि बालिकाओं का सशक्तिकरण ही समाज और राष्ट्र की वास्तविक प्रगति का आधार है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। ऐसे जन-जागरूकता अभियान छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार करते हैं तथा उन्हें सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सजग रहने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सक्षम बनाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक चेतना के उद्देश्य से इस प्रकार के जनहितकारी एवं जागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करती रहेगी।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!