दिव्यांगजन एवं वंचित समुदाय के लिए वरदान बना गीता-सागर फाउण्डेशन

विश्व जनसंख्या दिवस पर जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री, वस्त्र एवं शैक्षणिक सामग्री का वितरण

अजमेर, 11 जुलाई 2026 विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर चाचियावास स्थित गीता-सागर फाउण्डेशन द्वारा दिव्यांगजन एवं वंचित समुदाय के बच्चों एवं परिवारों को खाद्य सामग्री, वस्त्र, पाठ्य-पुस्तकें, कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

फाउण्डेशन के मुख्य कार्यकारी अनुराग सक्सेना ने बताया कि स्वर्गीय श्री सागरमल कौशिक एवं स्वर्गीय श्रीमती गीता देवी कौशिक के सेवा, संवेदना एवं समर्पण के आदर्शों को साकार करने के उद्देश्य से स्थापित गीता-सागर फाउण्डेशन पिछले वर्ष से अजमेर ग्रामीण, श्रीनगर, रूपनगढ़ एवं किशनगढ़ पंचायत समिति के विभिन्न गांवों में निवासरत जरूरतमंद दिव्यांगजन तथा कालबेलिया, बनजारा, भोपा, नाथ, जोगी, बागरिया, बावरी, गाडोलिया लौहार, मिरासी, ढाढ़ी सहित अन्य वंचित समुदायों के परिवारों को निरंतर सहयोग प्रदान कर रहा है।

उन्होंने बताया कि फाउण्डेशन अब तक लगभग 500 दिव्यांगजनों तथा 200 से अधिक वंचित समुदाय के बच्चों को खाद्य सामग्री, वस्त्र, शैक्षणिक सामग्री एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध करा चुका है। फाउण्डेशन की टीम प्रत्येक परिवार की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का सर्वेक्षण कर वास्तविक जरूरतमंदों की पहचान करती है, ताकि सहायता सही व्यक्ति तक समय पर पहुँच सके।

श्री सक्सेना ने कहा कि फाउण्डेशन का उद्देश्य केवल राहत सामग्री वितरित करना ही नहीं, बल्कि इन परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सामाजिक सुरक्षा एवं आजीविका के अवसरों से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक स्थापित करना भी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के दशकों बाद भी अनेक दिव्यांगजन एवं वंचित समुदाय अपने मूलभूत अधिकारों और विकास की मुख्यधारा से दूर हैं। ऐसे में समाज के प्रत्येक संवेदनशील नागरिक एवं संस्था का दायित्व है कि वे इनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु आगे आएँ।

अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए गीता-सागर फाउण्डेशन विभिन्न शासकीय विभागों, सामाजिक संस्थाओं एवं अन्य हितधारकों के सहयोग से बच्चों को विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों से जोड़ने, स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करने, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा बकरी पालन सहित अन्य आजीविका गतिविधियों के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान कर रहा है। फाउण्डेशन का विश्वास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना ही सच्ची सेवा और राष्ट्र निर्माण का आधार है।

(अनुराग सक्सेना)

मुख्य कार्यकारी

गीता-सागर फाउण्डेशन

 मो. 9829140992

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!