शैक्षणिक भ्रमण कर लौटा वर्द्धमान छात्राओं का दल, कुम्भलगढ़ की विरासत से रूबरू हुए छात्राएं

100 से अधिक छात्राओं ने कुम्भलगढ़ दुर्ग, चारभुजा नाथ मंदिर और जंगल सफारी का किया भ्रमण, इतिहास और विरासत को करीब से जाना

ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय की 100 से अधिक छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण दल कुम्भलगढ़ का भ्रमण कर ब्यावर लौट आया। भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति और प्राकृतिक विरासत से परिचित कराना था।

यात्रा के दौरान छात्राओं ने विश्व धरोहर कुम्भलगढ़ दुर्ग, चारभुजा नाथ मंदिर तथा आसपास के ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया। साथ ही जंगल सफारी के माध्यम से वन्यजीवों और प्राकृतिक परिवेश को करीब से देखा। इस दौरान उन्हें कुम्भलगढ़ के इतिहास, महाराणा कुम्भा के योगदान और मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत की जानकारी भी दी गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर इतिहास, संस्कृति और प्रकृति को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देते हैं। ऐसे अनुभव उनके आत्मविश्वास, व्यवहारिक समझ और व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं।

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यवहारिक अनुभव भी विद्यार्थियों के विकास के लिए आवश्यक हैं।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी लेने के साथ समूह में कार्य करना, अनुशासन, समय प्रबंधन और आपसी सहयोग जैसे जीवन मूल्यों को भी व्यवहारिक रूप से समझा। छात्राओं ने इस यात्रा को उत्साहपूर्ण और यादगार अनुभव बताया।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान व्याख्याता नवीन देवड़ा, गिरीश कुमार बैरवा, नितिन साहू, पंकज शर्मा, सुरेंद्र सिंह, डॉ. रीना, अंजली कावड़िया, डॉ. रोमा रतानी, कविता परसोया एवं रजनी ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!