चहेती फर्मों को बिड प्रक्रिया में शामिल करने का आरोप

मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
अजमेर। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा परिषद द्वारा राजकीय विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक शिक्षा योजना की बिड प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। व्यावसायिक शिक्षकों ने बिड प्रक्रिया में कथित रूप से चहेती फर्मों को शामिल करने का आरोप लगाते हुए शिक्षा संकुल, जयपुर में आज से भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
व्यावसायिक शिक्षक प्रतिनिधि आर.एन. रावत ने बताया कि सरकार और विभाग को कई बार ज्ञापन एवं वार्ता के माध्यम से समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसके विरोध में प्रदेशभर के व्यावसायिक शिक्षक एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।
शिक्षकों का कहना है कि वे वर्षों से राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार कर रहे हैं, लेकिन अस्थायी व्यवस्था, एजेंसियों की मनमानी और सरकार की स्पष्ट नीति के अभाव में उनका भविष्य असुरक्षित बना हुआ है।
शिक्षकों की प्रमुख मांगें
– व्यावसायिक शिक्षा के लिए स्थायी नीति बनाकर व्यावसायिक शिक्षकों को जॉब सिक्योरिटी प्रदान की जाए।
– विभिन्न एजेंसियों द्वारा लंबित कई महीनों के बकाया भुगतान का तत्काल निस्तारण किया जाए।
– भुगतान और कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
– बिड प्रक्रिया में कथित रूप से शामिल चहेती फर्मों को बाहर कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाई जाए।
इससे पूर्व राजस्थान के 80से अधिक विधायक मंत्रियों ने व्यावसायिक शिक्षकों को स्थायी करने हेतु मुख्यमंत्री को पत्र लिख चुके है।व्यावसायिक शिक्षकों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर इसे राष्ट्रव्यापी रूप दिया जाएगा।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!