खड़गे के अपमान के विरोध में 14 अगस्त को अजमेर में विशाल मार्च एवं सत्याग्रह

अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि हल्द्वानी की घटना तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी के अपमान के विरोध में कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी।
डॉ. जयपाल ने बताया कि एआईसीसी से जारी परिपत्र की पालना एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह डोटासरा जी के निर्देशानुसार 14 अगस्त 2026, शुक्रवार को सायंकाल 6 बजे अजमेर में जिला स्तरीय विरोध मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह विरोध मार्च संविधान, लोकतंत्र, समानता एवं सामाजिक न्याय की रक्षा के संकल्प के साथ निकाला जाएगा। मार्च के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी की घटना के विरोध के साथ-साथ कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी के सम्मान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थन में अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे।
डॉ. जयपाल ने अजमेर जिले में निवासित प्रदेश पदाधिकारियों, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों, अग्रिम संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष हमेशा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए रहा है। आज आवश्यकता है कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता एकजुट होकर संविधान, समानता और सामाजिक न्याय के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद करे।
डॉ. जयपाल ने बताया कि विशाल विरोध मार्च का समापन महात्मा गांधी जी अथवा डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर किया जाएगा, जहां कांग्रेसजन सत्याग्रह कर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने अजमेर शहर कांग्रेस के सभी अग्रिम संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों तथा पदाधिकारियों से अपील की कि वे 14 अगस्त को आयोजित इस सत्याग्रह एवं विरोध प्रदर्शन में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
जारीकर्ता:
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी
6375920300

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!