भीलवाड़ा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश एक साथ दिया। स्वतंत्रता दिवस तथा पूर्व राज्य मंत्री धीरज जी गुर्जर के जन्मोत्सव के अवसर पर समिति की ओर से 500 तुलसी के पौधे एवं राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए।
समिति के संरक्षक रजनीश जी वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य लोगों में देश के प्रति सम्मान के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना रहा। तिरंगा जहां देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, वहीं तुलसी का पौधा प्रकृति, स्वास्थ्य और भारतीय संस्कृति से जुड़ी हमारी आस्था का प्रतीक है।
समिति की पदाधिकारी अनुराधा झा ने कहा कि “स्वतंत्रता का सम्मान केवल तिरंगे को सलाम करने से नहीं, बल्कि उस धरती का सम्मान करने से भी है, जिसने हमें जीवन दिया है। हमारा एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और हरियाली का उपहार बन सकता है।”
समिति द्वारा 500 तुलसी के पौधों का वितरण इसी सोच के साथ किया गया कि प्रत्येक परिवार अपने घर में एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी भी निभाए। यह पहल लोगों को यह संदेश देने का प्रयास है कि राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
कार्यक्रम में मीना देवी झा, सुनीता पासवान, लीला कन्नौज, अनुष्का सेन, शिल्पी सिंह, रमावती देवी, सावित्री देवी, पूजा देवी, पूर्णम झा, पिंकी, भूपेश सोनी, वंदना जी सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
समिति के सदस्यों ने कहा कि तिरंगे का सम्मान हमारे देश के प्रति कर्तव्य है और पौधे की देखभाल हमारी धरती के प्रति जिम्मेदारी। स्वतंत्रता दिवस पर लिया गया यह संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरा-भरा और स्वच्छ भारत बनाने की दिशा में छोटा लेकिन सार्थक कदम है। Oo