किशनगढ़ विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती, 82.55 करोड़ से अधिक के स्वास्थ्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी
किशनगढ़ (अजमेर), 16 अगस्त। किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण को लेकर सोमवार, 17 अगस्त को एक महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी क्षेत्र में 82.55 करोड़ से अधिक की लागत के विभिन्न स्वास्थ्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से किशनगढ़ शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
किशनगढ़ सरकारी अस्पताल में बनेगा नया भवन
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी के प्रयासों से आगे बढ़ाई गई इन परियोजनाओं में राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल, किशनगढ़ में 72.58 करोड़ की लागत से बनने वाले 100 बेड के नवीन भवन का शिलान्यास प्रमुख है। राष्ट्रीय ग्रामीण मिशन योजना के तहत बनने वाले इस आधुनिक भवन में माइनर ओटी, ओटी, पीडियाट्रिक एवं चाइल्ड केयर यूनिट, एनआरसी वार्ड, ओपीडी जोन, मैटरनिटी विंग, लेबर एवं डिलीवरी जोन सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रथम तल पर एमएनसीयू, पीएनसी, हाई रिस्क वार्ड, एक्स-रे, प्राइवेट रूम एवं अन्य सुविधाएं तथा द्वितीय तल पर एनआरसी वार्ड, डेंटल रूम, पैथोलॉजी, थेरेपी एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा इकाइयां विकसित की जाएंगी। इस भवन का निर्माण लगभग 15 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी क्रम में राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल में आयुष्मान भारत इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशनयोजना के तहत 1.25 करोड़ की लागत से निर्मित इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ यूनिट भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा। लगभग 372.21 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित इस भवन में आधुनिक जांच एवं निदान सुविधाओं के साथ रिसेप्शन एवं रजिस्ट्रेशन, वेटिंग लॉबी, फेलोबोटोमी, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक/वायरोलॉजी, एक्सट्रैक्शन एवं पीसीआर रूम सहित आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे अस्पताल में जांच एवं डायग्नोस्टिक सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
डीएमएफटी फंड से भी होंगे विकास कार्य
किशनगढ़ विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र अरांई में भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। यहां डीएमएफटी योजना के अंतर्गत 8.32 करोड़ की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का शिलान्यास केंद्रीय राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी करेंगे। लगभग 3,086 वर्गमीटर निर्मित क्षेत्रफल वाले इस भवन में मेडिकल एवं सर्जिकल ओपीडी, इमरजेंसी, माइनर ओटी, डिस्पेंसरी, गायनी एवं पीडियाट्रिक ओपीडी, प्रयोगशाला, ड्रेसिंग एवं इंजेक्शन रूम, विभिन्न वार्ड, पीआईसीयू, एक्स-रे सहित अनेक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं ग्राम बरना में 40 लाख की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और सामान्य उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए उन्हें दूर के चिकित्सा केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
किशनगढ़ के विकास को मिलेगी गति
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं राजस्थान सरकार के समन्वित प्रयासों से किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से किशनगढ़ सहित आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा और स्वस्थ एवं सशक्त किशनगढ़ के निर्माण को गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने इन महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अनुसार, 17 अगस्त को प्रातः 10.30 बजे राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल, किशनगढ़ में 100 बेड के नवीन भवन का शिलान्यास एवं प्च्भ्स् भवन का लोकार्पण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे उप स्वास्थ्य केंद्र, बरना का लोकार्पण तथा दोपहर 1 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अरांई के नवीन भवन का शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहेंगे।