विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने किया 7 एमएलडी के एसटीपी का लोकार्पण, अब 20 एमएलडी हुई क्षमता
देवनानी बोले- झील में नहीं गिरेगा नालों का गंदा पानी, इसके लिए भी 22 करोड़ की योजना
अजमेर, 18 अगस्त। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अजमेर शहर को महत्वपूर्ण सौगात देते हुए रीजनल कॉलेज तिराहे पर 16.31 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 7 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का शुभारम्भ किया। इस प्लांट के शुरू होने से झील में उपचारित एवं साफ पानी पहुंचाने की क्षमता बढ़कर 20 एमएलडी हो गई है।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बताया कि अमृत 2 योजना के तहत आनासागर झील में गिरने वाले नालों को आपस में जोड़कर प्राकृतिक ढाल एवं पम्पिंग के माध्यम से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। इस योजना पर 22.60 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इसके माध्यम से प्रतिदिन 20 एमएलडी स्वच्छ एवं उपचारित पानी झील में पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की गई है। योजना के अंतर्गत नालों की ट्रैपिंग, पम्पिंग स्टेशन, मैकेनिकल एवं मैनुअल स्क्रीन तथा करीब 10.68 किलोमीटर सीवर लाइन का निर्माण किया गया है। इससे नालों के सीवरेज को सीधे 13 एमएलडी एसटीपी तक पहुंचाकर उपचारित किया जा सकेगा।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर की झीलों की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने तथा इन्हें शहर के जनजीवन से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अजमेर में आनासागर के साथ-साथ वरुण सागर एवं चौरसियावास तालाबों को भी स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। शहर के ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने के लिए करीब 150 करोड़ रुपए के विभिन्न कार्यों पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अजमेर को केवल एक क्षेत्र में नहीं, बल्कि शिक्षा, पर्यटन, रोजगार, खेल और बुनियादी ढांचे जैसे विविध क्षेत्रें में समानांतर रूप से विकसित किया जा रहा है। शहर के चारों ओर बन रहे नए इंफ्रास्ट्रक्चर से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। आने वाले 2-3 वर्षों में अजमेर राज्य के सबसे विकसित और आत्मनिर्भर जिलों की श्रेणी में अग्रणी स्थान पर दिखाई देगा।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक के सड़क निर्माण कार्य कराए गए है। अशोक उद्यान से अंबेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। इससे आगंतुकों को शहर में प्रवेश के समय सुखद अनुभव प्राप्त होगा। अजमेर को सुंदर, स्वच्छ एवं श्रेष्ठ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आगंतुक पर्यटक एवं शहरवासियों के लिए लेपर्ड सफारी, साइंस पार्क सहित विभिन्न पर्यटक स्थल विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।