प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, प्रतिभागियों को वितरित किए पारितोषिक
अजमेर, 14 सितम्बर। भारत सरकार, गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना में राजभाषा हिन्दी के प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ावा देने तथा सरकारी कामकाज में हिन्दी के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से केन्द्रीय पशु पंजीकरण योजना, अजमेर में 1 से 15 सितम्बर तक हिन्दी पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान कार्यालय में विभिन्न हिन्दी संबंधी गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में माननीय मंत्री महोदय का संदेश पढ़कर सुनाया गया। इसके पश्चात कार्यालय में वाद-विवाद एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें केन्द्रीय पशु पंजीकरण योजना, अजमेर के समस्त कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक समिति में डॉ. प्रेरणा नाथावत, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ. मुकेश गुर्जर, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी तथा श्री बलबीर गैना, उप पंजीकार, केन्द्रीय पशु पंजीकरण योजना, अजमेर शामिल रहे। समिति द्वारा प्रतियोगियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार के लिए प्रतिभागियों का चयन किया गया।
इस अवसर पर कार्यालय प्रमुख श्री बलबीर गैना, उप पंजीकार, केन्द्रीय पशु पंजीकरण योजना, अजमेर की अध्यक्षता में राजभाषा हिन्दी समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अतिरिक्त निदेशक, पशुपालन विभाग, राजस्थान सरकार, डॉ. नवीन परिहार ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पारितोषिक वितरित किए। इस दौरान उप पंजीकार द्वारा राजभाषा हिन्दी के महत्व एवं सरकारी कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग पर प्रकाश डाला गया।
समारोह के अंत में कार्यालय प्रमुख श्री बलबीर गैना ने सभी कार्मिकों को अपने कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक हिन्दी का प्रयोग करने, शत-प्रतिशत कार्य हिन्दी में करने तथा राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।