*मदार–दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस में अब ‘रेल वन’ ऐप से बुक होंगे अनारक्षित टिकट: अजमेर बना उ.प.रे. का पहला मंडल*

 *काउंटर की लंबी कतार से मुक्ति; डिजिटल टिकटिंग को मिलेगा बढ़ावा*
यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल टिकटिंग को गति देने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मदार जंक्शन–दरभंगा जंक्शन अमृत भारत एक्सप्रेस में अब अनारक्षित श्रेणी के टिकट ‘रेल वन’ (Rail One) ऐप के जरिए बुक किए जा सकेंगे। अब तक इस ट्रेन में अनारक्षित टिकट केवल स्टेशन के यूटीएस काउंटरों पर ही उपलब्ध थे। अजमेर मंडल पूरे उत्तर पश्चिम रेलवे में इस सुविधा को शुरू करने वाला पहला मंडल बन गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कैप्टन मिहिर देव ने बताया कि मदार जंक्शन से यात्रा शुरू करने वाले यात्री यदि ‘रेल वन’ ऐप के माध्यम से यूपीआई द्वारा टिकट बुक करते हैं, तो उन्हें कुल किराये पर 3 प्रतिशत का अतिरिक्त लाभ (छूट/कैशबैक) प्राप्त होगा। अजमेर मंडल की इस सफल पहल के बाद अब अन्य मंडल भी इसे लागू करने की तैयारी में हैं।
कैप्टन मिहिर देव के अनुसार “रेल वन ऐप के जरिए डिजिटल टिकटिंग से यात्रियों के समय की बचत होगी और लंबी कतारों से राहत मिलेगी। 3% का अतिरिक्त वित्तीय लाभ यात्रियों को कैशलेस भुगतान अपनाने के लिए प्रेरित करेगा, जिससे स्टेशन परिसरों और काउंटरों पर अनावश्यक भीड़ में कमी आएगी। अजमेर मंडल निरंतर यात्री सेवाओं को सुगम और आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!