अजमेर। दशलक्षण महापर्व के छठे दिन सर्वोदय कॉलोनी स्थित श्री शांतिनाथ जिनालय में उत्तम संयम धर्म एवं सुगंध दशमी पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिनालय में विशेष पूजा-अर्चना, शांतिधारा, विधान एवं महाआरती का आयोजन हुआ। सुगंध दशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने जिनालय में धूप अर्पित कर धर्माराधना की।
मनीष पाटनी ने बताया कि सोमवार को आयोजित शांतिधारा, विधान एवं महाआरती के पुण्यार्जक अनिल-अनीता गंगवाल एवं विनय-निशा पाटनी परिवार रहे। अनीता गंगवाल द्वारा पांच उपवास की तपस्या पूर्ण करने पर जिनालय में थालौड़ी चढ़ाकर तपस्या की अनुमोदना की गई।
शाम को महाआरती के पश्चात धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेनू पाटनी एवं प्रिया पाटनी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान साधना दनगसिया ने श्रद्धालुओं को अरहम योग कराया। वहीं गुणमाला गंगवाल ने धार्मिक गेम के माध्यम से सभी को धर्म और संस्कारों से जोड़ा।
कार्यक्रम में समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे जिनालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। अंत में मधु जैन एवं अनामिका सुरलाया ने सभी सहयोगियों, आयोजकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।