वर्द्धमान स्कूल की छात्राओं ने निकाला दांडी मार्च, दिया सत्य-अहिंसा का संदेश

गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर द्वारा संचालित वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कक्षा 1 से 5 तक की नन्हीं छात्राएं महात्मा गांधी जी की वेशभूषा में विद्यालय पहुंचीं और उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर विद्यालय से वर्द्धमान गर्ल्स कॉलेज तक दांडी मार्च निकाला गया। इसके पश्चात छात्राएं श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित वर्धमान रूट्स प्री-प्राइमरी स्कूल पहुंचीं और वहां से पुनः विद्यालय लौटीं। गांधीजी की वेशभूषा में सजी नन्हीं छात्राओं ने दांडी मार्च के माध्यम से सत्य, अहिंसा, अनुशासन एवं देशप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन की प्रेरक घटनाओं और उनके आदर्शों से परिचित करवाया गया। छात्राओं को गांधीजी के सत्य एवं अहिंसा के मार्ग तथा शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशसेवा से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद नाहर ने कहा कि “महापुरुषों का जीवन बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। गांधीजी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे आदर्श विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हमारा प्रयास है कि बच्चे महापुरुषों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि उनके आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में भी अपनाएं।”

कार्यक्रम के दौरान नन्हीं छात्राओं का उत्साह देखते ही बना। गांधीजी की वेशभूषा में सजी छात्राओं ने दांडी मार्च को आकर्षक एवं संदेशपूर्ण बना दिया। आयोजन के माध्यम से बालिकाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार एवं महापुरुषों के जीवन-मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का संदेश दिया गया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!