26 से 28 नवम्बर तक आयोजित होगी अंतर महाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘दिग्नाद : 2026-27’

पाँच श्रेणियों में 28 प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी प्रदर्शित करेंगे अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा

चयनित विद्यार्थी जयपुर में आयोजित वेस्ट जोन यूथ फेस्टिवल में करेंगे विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व

अजमेर, 22 अक्टूबर, 2026। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर द्वारा विश्वविद्यालय के विभागों एवं संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतर महाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘दिग्नाद : 2026-27’ (ICCC) का आयोजन 26 से 28 नवम्बर, 2026 तक किया जाएगा। विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाला यह सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, रचनात्मक अभिव्यक्ति को नया आयाम देने तथा विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

‘दिग्नाद’ के अंतर्गत संगीत, नृत्य, साहित्यिक गतिविधियों, रंगमंच एवं ललित कला सहित पाँच प्रमुख श्रेणियों में कुल 28 प्रतियोगिताएँ विभिन्न विधाओं में आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों तथा संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सामूहिक सहभागिता, कलात्मक अभिरुचि, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि ‘दिग्नाद : 2026-27’ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और सृजनात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, साहित्य, संगीत एवं रंगमंच के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध हों तथा वे राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करें।

पाँच श्रेणियों में होंगी विविध सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ

अधिष्ठाता, छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चन्द्र ने बताया कि ललित कला श्रेणी के अंतर्गत ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, कोलाज, क्ले मॉडलिंग, पोस्टर मेकिंग, कार्टूनिंग एवं रंगोली जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। संगीत श्रेणी में निर्धारित विभिन्न गायन एवं वादन विधाओं की प्रतियोगिताएँ होंगी। साहित्यिक श्रेणी में सामान्य प्रश्नोत्तरी, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण तथा हिंदी एवं अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल को परखेंगी।

इसी प्रकार, नृत्य श्रेणी में लोक एवं जनजातीय नृत्य, शास्त्रीय नृत्य तथा क्रिएटिव कोरियोग्राफी की प्रस्तुतियाँ होंगी। रंगमंच श्रेणी के अंतर्गत नाटक (प्ले), स्किट, माइम एवं मिमिक्री जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला, कल्पनाशीलता, मंचीय कौशल एवं सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

वेस्ट जोन यूथ फेस्टिवल में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी चयनित टीम

‘दिग्नाद : 2026-27’ का एक प्रमुख उद्देश्य आगामी वेस्ट जोन यूथ फेस्टिवल के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन करना भी है। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन कर विश्वविद्यालय की प्रतिनिधि टीम गठित की जाएगी। यह टीम 16 से 20 जनवरी, 2027 तक विवेकानन्द ग्लोबल विश्वविद्यालय, जयपुर, राजस्थान में आयोजित होने वाले वेस्ट जोन यूथ फेस्टिवल में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।

विश्वविद्यालय द्वारा वेस्ट जोन यूथ फेस्टिवल की विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता की तैयारी की जाएगी तथा ‘दिग्नाद’ के माध्यम से चयनित विद्यार्थी यूथ फेस्टिवल की सभी निर्धारित प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रकार ‘दिग्नाद’ विद्यार्थियों के लिए केवल अंतर महाविद्यालयीय प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि पश्चिम क्षेत्र के स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच होगा।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को विश्वास है कि ‘दिग्नाद : 2026-27’ विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करने के साथ विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!