श्री पुष्कर मेले की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने ली समीक्षा बैठक

श्रद्धालुओं एवं पशुपालकों की सुविधाओं, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

जिला कलक्टर ने अधिकारियों के साथ किया मेला क्षेत्र का अवलोकन

30 अक्टूबर तक पूरी करें समस्त तैयारियां

अजमेर, 25 अक्टूबर। श्री पुष्कर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, पुष्कर उपखण्ड अधिकारी श्री गुरु प्रसाद तंवर तथा नगर निगम अजमेर के उपायुक्त श्री भरत राज गुर्जर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मेले की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पशुपालकों एवं पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए आगामी 30 अक्टूबर तक समस्त आवश्यक तैयारियां एवं औपचारिकताएं पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

जिला कलक्टर ने कहा कि संपूर्ण मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुष्कर सरोवर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर रस्सियों एवं सांकल की व्यवस्था की जाए। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए उनसे निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने पुष्कर घाटी की सड़क को एक सप्ताह में दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही पुष्कर को जोड़ने वाली अन्य सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य भी समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा। पुष्कर सरोवर के घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित कार्य अग्रिम रूप से पूर्ण करने तथा बजट घोषणाओं में पुष्कर से संबंधित कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए। संपूर्ण मेला क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि पशु मेला क्षेत्र में पशुओं के लिए बनाई गई खेलियों में निरंतर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहे। पशुओं के उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। स्वच्छंद विचरण करने वाले पशुओं को अस्थायी कांजी हाउस में भिजवाने की व्यवस्था की जाए। मेले में आयोजित होने वाली विभिन्न पशु प्रतियोगिताओं में निर्णय निष्पक्ष एवं निर्धारित नियमों के अनुसार किए जाएं।

जिला कलक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करते हुए श्री पुष्कर मेला-2026 की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाएं तथा श्रद्धालुओं एवं पशुपालकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दें।

पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला ने मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने तथा आवश्यकता के अनुसार पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान यातायात, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!