करीब 20 दिन वेंटीलेटर पर रखकर किया उपचार, लगभग एक माह बाद स्वस्थ होने पर मिली छुट्टी
फेफड़े, न्यूरो एवं हृदय रोग विशेषज्ञों ने आपसी समन्वय से संभाला जटिल मामला
अजमेर, 18 नवम्बर। ब्रेन हेमरेज के कारण लकवाग्रस्त हुई महिला के लिए गंभीर निमोनिया और सांस लेने में तकलीफ जानलेवा चुनौती बन गई। हालत इतनी गंभीर थी कि उसे करीब 20 दिन तक वेंटीलेटर के सहारे रखना पड़ा। मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, अजमेर में फेफड़े एवं श्वास रोग, न्यूरो सर्जरी, हृदय रोग तथा फिजियोथैरेपी विशेषज्ञों की टीम ने आपसी समन्वय और निरंतर निगरानी के साथ उपचार कर महिला को इस गंभीर स्थिति से उबारा। करीब एक माह के उपचार के बाद महिला को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मरीज की घर वापसी पर परिवारजनों ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मित्तल हॉस्पिटल के सीनियर फेफड़े एवं श्वास रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक कोठारी ने बताया कि अजमेर के लोहाखान निवासी महिला को तेज बुखार, खांसी, बलगम और सांस लेने में अत्यधिक परेशानी होने पर अस्पताल लाया गया था। महिला को कुछ दिन पहले ही ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके कारण वह लकवाग्रस्त हो गई थी। पूर्व में एक अन्य अस्पताल में उपचार के बाद वह घर लौट आई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। जांच में गंभीर निमोनिया की पुष्टि हुई।
महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कर वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उपचार के दौरान उसका रक्तचाप भी लगातार अस्थिर बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता और पहले से मौजूद ब्रेन हेमरेज को देखते हुए उपचार को बहुआयामी चिकित्सा चुनौती के रूप में लिया गया। डॉ. कोठारी के नेतृत्व में न्यूरो सर्जन डॉ. ए.आर. गौरी, वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल गुप्ता एवं डॉ. विवेक माथुर सहित अन्य विशेषज्ञों से परामर्श कर उपचार की रणनीति बनाई गई।
सीनियर न्यूरो सर्जन डॉ. ए.आर. गौरी ने बताया कि उपचार के दौरान महिला के ब्रेन हेमरेज से जुड़ी परेशानी में भी बढ़ोतरी होने लगी थी। इस चुनौती को ध्यान में रखते हुए आवश्यक चिकित्सा प्रबंधन किया गया और मस्तिष्क की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई। वहीं, हृदय रोग विशेषज्ञों ने रक्तचाप एवं हृदय संबंधी स्थिति के प्रबंधन में सहयोग किया। फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. बी.एल. गुर्जर ने भी उपचार प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाई।
लंबे समय तक आईसीयू में भर्ती रहने और वेंटीलेटर सपोर्ट की आवश्यकता के बावजूद परिवारजनों ने धैर्य और चिकित्सकों पर विश्वास बनाए रखा। चिकित्सकों, नर्सिंग एवं अन्य सहयोगी कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ महिला की देखभाल की। निरंतर उपचार और निगरानी के परिणामस्वरूप उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ और अंततः उसे वेंटीलेटर से हटाकर स्वस्थ अवस्था में घर भेजने में सफलता मिली।
अस्पताल से छुट्टी के समय महिला की बेटी ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपचार के कठिन दौर में पूरी टीम ने जिस संवेदनशीलता, धैर्य और समर्पण से सहयोग किया, वह उनके परिवार के लिए बेहद संबल देने वाला रहा। महिला अब नियमित फॉलोअप पर है और स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रही है।