*कैरोट ग्राम पंचायत के सरपंच चुनाव को लेकर न्यायालय पहुंचा मामला

मतगणना में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए चुनाव याचिका पेश*
*भैरूलाल गुर्जर ने जिला न्यायाधीश अजमेर के समक्ष दायर की चुनाव याचिका,निर्वाचित सरपंच का निर्वाचन निरस्त करने सहित पुनर्मतगणना की मांग*
केकड़ी / अजमेर (19 नवंबर ) पंचायत समिति भिनाय की ग्राम पंचायत कैरोट के सरपंच चुनाव को लेकर विवाद अब न्यायालय पहुंच गया है।सरपंच पद के प्रत्याशी भैरूलाल गुर्जर ने जिला न्यायाधीश अजमेर के समक्ष अधिवक्ता मनोज आहूजा व अशोक सिंह रावत के माध्यम से राजस्थान पंचायती राज अधिनियम के अंतर्गत चुनाव याचिका प्रस्तुत की है।
याचिका में निर्वाचित सरपंच शौकीन लाल तेली का निर्वाचन निरस्त करने तथा चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की न्यायिक जांच करवाने की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता के अनुसार 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत कैरोट में सरपंच पद के लिए मतदान हुआ था।चुनाव में कुल 3480 मतदाताओं में से 2952 मतदाताओं ने मतदान किया। मतगणना के दौरान याचिकाकर्ता ने कई गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि मतगणना के दौरान निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। मतपत्रों की गिनती और बंडल तैयार करने में अनियमितता बरती गई तथा प्रत्याशियों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों का समुचित निस्तारण नहीं किया गया।
भैरूलाल गुर्जर ने अपनी याचिका में दावा किया है कि मतदान में पड़े कुल 2952 मतों के मुकाबले मतगणना में 2947 मतों का ही हिसाब दर्शाया गया तथा पांच मतों के अंतर का कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया।इसके अलावा उसके पक्ष में डाले गए 29 मतपत्रों को अवैध तरीके से ख़ारिज करने का आरोप भी लगाया है।गुर्जर ने रिटर्निंग अधिकारी पर शोकीन साहू से 5 लाख रूपये लेकर अवैध तरीके से जिताने का आरोप लगाया है।
याचिकाकर्ता ने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित बाहरी हस्तक्षेप,निर्वाचन अधिकारी की भूमिका तथा मतगणना स्थल पर हुई घटनाओं की जांच की मांग भी की है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज,मतगणना की मूल रिकॉर्डिंग,मतपत्रों का विवरण,निर्वाचन अभिलेख और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच करवाने का अनुरोध किया गया है।तथा निर्वाचन निरस्त कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।प्रकरण में अब अगली सुनवाई 26 नवंबर को होना निर्धारित किया गया है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!