दो दशक बाद कांग्रेस ने बाजी मारी, भाजपा का गढ़ ध्वस्त

2Kek-1केकड़ी। केकड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 जूनियां पंचायत समिति सदस्य के लिए गत 28 फरवरी को हुए उपचुनाव में शनिवार को हुई मतगणना में कांग्रेस उम्मीदवार कृष्णगोपाल सैन ने भाजपा के उम्मीदवार राजेन्द्र कीर को 675 के अंतर से हराकर दो दशकों से भाजपा का गढ़ माने जाने वाली जूनियां सीट पर कब्जा कर लिया है। जूनियां क्षेत्र के इस उपचुनाव में जूनियां सहित नायकी, कल्याणपुरा, रामपुरा, अम्बापुरा, केसरपुरा, धुवालियां के कुल 5 हजार 868 मतदाताओं में से 3 हजार 79 मतदाताओं ने मतदान किया जिसमें से कांग्रेस के कृष्णगोपाल सैन को 1 हजार 831 मत मिले वहीं भाजपा के राजेन्द्र कीर को 1 हजार 156 मत मिले, जबकि 92 मत खारिज हो गए। निर्वाचन अधिकारी व उपखण्ड अधिकारी भरत शर्मा द्वारा चुनाव परिणाम की घोषणा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई, वहीं भाजपा खेमे में मायूसी छा गई। यहां पंचायत समिति परिसर में इस मौके पर उपस्थित सैंकड़ो कार्यकर्ताओं ने विधायक डा. रघु शर्मा व चुनाव प्रभारी ब्लॉक कांग्रेस महासचिव शैलेन्द्र सिंह शक्तावत को बधाई देते हुए मालाओं से लाद दिया। वहीं जीत की इस खुशी में पटाखे फोडऩे के साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई वितरित की गई। उल्लेखनीय है कि पिछले दो दशक से इस जूनियां सीट पर लगातार जीत की वजह से भाजपा का कब्जा जमा हुआ था जिसके चलते भाजपा इस सीट को जीता हुआ मानकर चल रही थी वहीं कांग्रेस भाजपा के इस गढ़ को भेदकर जीतने के लिए बेताब थी। चुनाव के दौरान कांग्रेस के महासचिव व प्रभारी शैलेन्द्र सिंह शक्तावत के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस को भारी सफलता मिली वहीं भाजपा अपनी ही आपसी खींचतान व धड़ेबाजी के कारण 20 वर्षों से कब्जे वाली यह जूनियां सीट को गंवा बैठी। भाजपा के दिग्गजों के चुनाव मैदान में होने के बावजूद भाजपा की इस करारी हार से भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह ठंडा पड़ गया है वहीं भाजपा के पदाधिकारी इस हार को पचा नहीं पा रहे हैं तथा हार का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ रहे हैं। भाजपा देहात अध्यक्ष वीर विक्रम सिंह का कहना है कि 20 वर्षों से लगातार भाजपा का गढ़ माने जाने वाले जूनियां क्षेत्र की हार का बेहद दुख है उन्होंने कहा कि भाजपा की रिंकू कंवर राठौड़ की हठधर्मिता व मनमानी के कारण हमें यह सीट गंवानी पड़ी। वहीें चुनाव का नेतृत्व कर रही भाजपा की जिला उपाध्यक्ष रिंकू कंवर राठौड़ का कहना है कि चुनाव के दौरान हुई भीतरघात, आचार संहिता का उल्लंघन हार का कारण बना फिर भी इस हार की नैतिक जिम्मेदारी मैं स्वयं की मानती हूं। राजनैतिक मायने में यह उपचुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था इस चुनाव के परिणाम पर प्रदेश के राजनेताओं की निगाहे भी टिकी थी। कांग्रेस की भारी विजय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकारी मुख्य सचेतक व विधायक डा. रघु शर्मा ने इस जीत को जनता व कार्यकर्ताओं की जीत बताते हुए कहा कि पिछले चार सालों में क्षेत्र में कराए गए रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्यों की बदौलत ही यह विजय हासिल हुई है। वहीं इस चुनाव के प्रभारी कांग्रेस महासचिव शैलेन्द्र सिंह शक्तावत ने कहा कि हमने भाजपा के इस गढ़ को क्षेत्र में हुए विकास व कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत ध्वस्त कर दिया है। इस उपचुनाव में कृष्णगोपाल के पंचायत समिति सदस्य के रूप में जीतने के बाद अब पंचायत समिति सदस्यों की संख्या एक और बढ़कर 19 में से 16 कांग्रेस व 3 भाजपा की हो गई है।
-तिलक माथुर

error: Content is protected !!