वसुंधरा के संकटमोचक सांवरलाल को फिर मिला जलदाय महकमा

sanwar lal jat 1राज्य की मौजूदा मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे की पूर्ववर्ती सरकार में जल संसाधन मंत्री रहे प्रो. सांवरलाल जाट को एक बार फिर पुराना मंत्रालय सौंपा गया है। उनका मंत्रीमंडल में शामिल होना पहले से सुनिश्चित माना जा रहा था, क्योंकि उन्होंने अनेक बार श्रीमती वसुंधरा राजे के लिए संकट मोचक की भूमिका निभाई थी।
स्वर्गीय श्री बालूराम के घर गोपालपुरा गांव में 1 जनवरी 1955 को जन्मे श्री जाट ने एम.कॉम. व पीएच.डी. की डिग्रियां हासिल की हैं। पेशे से वे प्रोफेसर हैं, मगर बाद में राजनीति में भी उन्होंने सफलता हासिल की। वे राजस्थान विश्वविद्यालय के लेखा शास्त्र एवं सांक्ष्यिकी विभाग के सह आचार्य रहे हैं। वे नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं व बारहवीं राजस्थान विधानसभा के सदस्य चुने गए। वे 13 दिसंबर 1993 से 30 नवंबर 1998 तक सहायता एवं पुनर्वास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 8 दिसंबर 2003 से 8 दिसंबर 2008 तक जल संसाधन, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, भू-जल एवं सिंचित क्षेत्र विकास विभाग के मंत्री रहे। तेरहवीं विधानसभा के चुनाव में उनका विधानसभा क्षेत्र भिनाय परिसीमन की चपेट में आ गया और उन्होंने नसीराबाद से चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस के महेन्द्र सिंह गुर्जर से मात्र 71 मतों से पराजित हो गए। गुर्जर को 52 हजार 815 व जाट को 52 हजार 744 मत मिले थे। हाल ही में हुए चुनाव में हालांकि ये माना जा रहा था कि वे अपना चुनाव क्षेत्र बदल कर किशनगढ़ जाएंगे, मगर उन्होंने नसीराबाद से ही चुनाव लडऩा मुनासिब समझा। उन्होंने कांग्रेस के महेन्द्र सिंह गुर्जर को 28 हजार 900 मतों से हराया। सांवर लाल को 84 हजार 953 मत मिले, जबकि महेन्द्र सिंह गुर्जर को 56 हजार 53 मत मिले। और इस प्रकार उन्होंने स्वर्गीय बाबा गोविंद सिंह गुर्जर के इस कांग्रेसी गढ़ को पहली बार ध्वस्त कर दिया। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में वे अजमेर संसदीय क्षेत्र से भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने अपने महिला मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती किरण माहेश्वरी को चुनाव मैदान में उतार दिया था।
उनका संपर्क सूत्र है:-
ग्राम गोपालपुरा, पोस्ट सिंगावल, तहसील भिनाय, जिला अजमेर
फोन : 01466-293431
मोबाइल 9414007821, 9829612667

1 thought on “वसुंधरा के संकटमोचक सांवरलाल को फिर मिला जलदाय महकमा”

Comments are closed.

error: Content is protected !!