सी आर चौधरी ने बनाई भाजपा दावेदारों की गुप्त रिपोर्ट

bjp logoएक जमाने में अजमेर के लोकप्रिय सिटी मजिस्ट्रेट रहे और बाद में राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए सी आर चौधरी इन दिनों भाजपा की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने हाल ही अजमेर में भाजपा की स्थिति और दावेदारों की गोपनीय रिपोर्ट बनाई और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्रीमती वसुंधरा राजे को सौंप दी। ज्ञातव्य है कि वे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्रीमती वसुंधरा राजे के विश्वासपात्रों में गिने जाते हैं। समझा जाता है कि भाजपा पर्यवेक्षकों की ओर से की गई रायशुमारी के साथ उनकी रिपोर्ट पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों उन्होंने गुपचुप तरीके से अजमेर का दौरा किया और यहां अनेक नेताओं से मिल कर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की स्थिति और दावेदारों का सर्वे किया। बताया जाता है कि उन्होंने साफ कर दिया है कि यहां भाजपा में गुटबाजी है, इसके चलते चुनाव जीतने में दिक्कत आ सकती है। बताते हैं कि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि पार्टी में सिंधी-गैर सिंधीवाद भी जोर पकड़ रहा है। इसके चलते पार्टी को नुकसान हो सकता है। कहने की जरूरत नहीं है कि वे अजमेर में सिटी मजिस्ट्रेट रहे हैं, इस कारण उन्हें अजमेर के बारे में पूरी जानकारी है और अच्छी तरह से पता है कि किस दावेदार में कितना दम है। आपको पता होगा कि आरएएस अधिकारियों में उनकी गिनती संजीदा व सूझबूझ वाले अधिकारियों में हुआ करती थी। अजमेर से सुपरिचित होने के कारण उन्हें सर्वे करने में कोई दिक्कत नहीं आई, क्योंकि अधिकांश नेताओं और उनकी धरातलीय हैसियत से वे पूर्णत: परिचित हैं। समझा जाता है कि उनके फीडबैक को गंभीरता से लिया जाएगा।
जानकारी ये भी है कि वे खुद भी विधानसभा चुनाव लडऩे का मानस बना रहे हैं। बताया जाता है कि वे नागौर जिले की परबतसर सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। इसके अतिरिक्त उनकी अजमेर लोकसभा सीट पर भी है। ज्ञातव्य है कि अजमेर की सीट अब जाट बहुल है और यहां तकरीबन ढ़ाई लाख जाट वोटर हैं। एक ईमानदार अधिकारी के नाते उनकी समाज में अच्छी पहचान है।
-तेजवानी गिरधर
7742067000

error: Content is protected !!