अजमेर। स्वीप कार्यक्रम अध्यक्ष व मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री लालाराम गुगरवाल ने कहा कि अजमेर संसदीय क्षेत्र में गत विधानसभा चुनावों के दौरान चिन्ह्ति 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले मतदान केंद्रों एवं संबंधित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है।
श्री गुगरवाल आज जिला परिषद में आयोजित स्वीप (सिस्टेमेटिक वोटर्स एज्यूकेशन एंड इलक्टरॉल पार्टीसिपेशन) कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गत विधानसभा चुनावों में 162 मतदान केंद्र चिन्ह्ति किए गए हंै जहां मतदान प्रतिशत कम रहा है। ऐसे क्षेत्रों में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित स्वीप कार्यक्रमों के तहत प्रचार-प्रसार हेतु अधिकारियों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता हैं।
बैठक में श्री गुगरवाल ने लोकसभा आमचुनाव-2014 के स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत जारी कार्ययोजना के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से चर्चा करते हुए प्रगति की समीक्षा की। स्वीप नोडल अधिकारी श्रीमती दीप्ति शर्मा ने बताया कि आगामी 20 मार्च को सूचना केंद्र की प्रदर्शनी दीर्घा में मतदाता फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी एवं राजस्थान दिवस के अवसर पर 30 मार्च को जिला स्तरीय मतदाता जागरूकता साइकल रैली निकाली जाएगी। रैली में एन.सी.सी., एन.एस.एस. एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। इसके अलावा पोस्टर, नारा लेखन, नुक्कड नाटक, महिला रैली, हस्ताक्षर अभियान, मतदाता शपथ, संकल्प पत्र आदि कार्यक्रमों के द्वारा भी मतदाता को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्वीप कार्यक्रमों के संदर्भ में विभागीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए अग्रिम कार्ययोजना प्रस्तुत की। इस अवसर पर उपनिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग श्री प्यारे मोहन त्रिपाठी, जिला समन्वयक नेहरू युवा केंद्र श्री धर्मपाल चौधरी साक्षरता अधिकारी श्री नकवी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।