
आप की दिल्ली सरकार ने 5 अप्रैल को भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन की शुरुआत की है। सरकार के पचास दिन पूरे होने पर तालकटोरा स्टेडियम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस हेल्पलाइन की शुरुआत की है। जिसकी कमान उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया संभालेंगे। यह 1031 हेल्पलाइन नंबर है जिस पर फोन कर कोई भी शख्स भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकता है। आरोप साबित होने पर भ्रस्ट अफसरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। दिल्ली सरकार का दावा है कि सरकारी दफ्तरों के भ्रष्टाचार पर इससे अंकुश लगेगा। वही दूसरी और दिल्ली सरकार लोगों से अपील कर रही है कि रिश्वत मांगने पर अब मना करने की जरूरत नहीं है। अब रिश्वत देकर उसे रिकॉर्ड कर लिया जाए। ऐसा करने के बाद हेल्पलाइन नंबर पर फोन करते ही आरोपी के खिलाफ जांच और कार्रवाई तय हो जाएगी। दिल्ली सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी करने से पहले ही अखबारों और दूसरे माध्यमों से इसका प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है।
सवाल यह भी उठते है…. इनका समाधान कब निकालेंगे केजरी साहेब
क्या भ्रष्टाचार के मामले में सरकारी बाबुओं पर ही शिकंजा कस कर भ्रष्टाचार से मुक्ति मिल जाएगी?
क्या हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा? सरकारी दफ्तरों के बाहर होने वाले भ्रष्टाचार पर कौन कसेगा शिकंजा? दिल्ली सरकार के इस हेल्पलाइन पर बड़ा सवाल यह भी उठता है कि क्या भ्रष्टाचार से निपटने के लिए केवल 40 अफसर बहुत है? क्या हेल्पलाइन नंबर दिल्ली में कामयाबी से 24 घंटे काम कर पाएगा? क्या शिकायत की तय समय पर जांच पूरी हो पाएगी?
सुशील पाल