पूरी दुनिया में बर्फबारी से हाहाकार, सैकड़ों उड़ानें रद्द

बर्फबारी ने अपने देश के साथ-साथ पूरी दुनिया को जमा दिया है। कुछ दिन पहले तक कहीं धूप कहीं छांव। आज आलम ये है कि यूरोप में सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गयीं हैं। शनिवार को भी भारी बर्फबारी की आशंका जताई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हो रही जबरदस्त बर्फबारी ने उत्तर भारत में ठंड एक बार फिर से बढ़ा दी है। शिमला के मौसम विभाग के डाइरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि शहर में 38.6 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। यह पिछले आठ साल का सर्वाधिक बर्फबारी है। भारी बर्फबारी हुई तो देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश के चलते सर्दी बढ़ गई। शुक्रवार को तो दिल्ली में दोपहर में ही अंधेरा छा गया। कई जगहों पर ओले भी पड़े। बर्फबारी के चलते सैकड़ों की तादाद में गुलमर्ग जाने वाले पर्यटक तंगमार्ग इलाके में फंस गए हैं। इतना ही नहीं जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में शुक्रवार को बर्फ खिसकने से दो जवानों की मौत हो गई, जबकि कुछ जवान अभी भी फंसे हुए हैं।

भारत में बारिश, बर्फबारी की वजह

मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार बुधवार को आए पश्चिमी विक्षोभ के तूफान से नीचे की हवा सतह से 8 किमी. तक आसमान में उठ गई। 3500 मी. से ऊपर नमी और पानी की बूंद बर्फ बन जाती है। नमी घुलने के कारण बनी बूंदें बर्फ के टुकड़ों में बदलने से ओलावृष्टि हुई। विक्षोभ के कारण जिन स्थानों पर हवा 3500 मी. से कम ऊंचाई पर उठी, वहां बूंदें जमी नहीं और बारिश के रूप में बरसी।

भारी बर्फबारी से यूरोप ठप

भारी बर्फबारी की वजह से पश्चिमी यूरोप में यातायात साधन सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कई महत्वपूर्ण हवाईअड्डों से उड़ानें कैंसिल कर दी गईं हैं। मुनीच एयरपोर्ट मैनेजमेंट के मुताबिक करीब 300 उड़ानों का 16 बार समय परिवर्तन किया गया और 70 उड़ानें रद्द कर दी गईं। वियना एयरपोर्ट पर भी दो सौ से अधिक उड़ानों को रद्द कर दिया गया। बर्फबारी की वजह से खराब मौसम बना।

स्विटजरलैंड का बेसेल एयरपोर्ट मैनेजमेंट के मुताबिक एक दिन पहले ही 60 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट पर भी शुक्रवार को करीब साठ उड़ानें रद्द हुईं। ब्रिटेन के मौसम विभाग के मुताबिक साउथ वेल्स में करीब 11 इंच बर्फबारी हुई है। पूरे ब्रिटेन में करीब दो हजार स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है।

ऑस्ट्रियन मौसम विभाग के मुताबिक करीब पचास सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने के आसार हैं और शनिवार को माइनस दस डिग्री सेल्शियस तक तापमान होगा।

चीन में मौसम विभाग की चेतावनी

पिछले सप्ताह चीन के शांडोंग राज्य के लाएझोउ खाड़ी में ठंड के कारण बर्फ की मोटी चादर जम गई है और इसमें लगभग 1000 जहाज फंस गए । सूत्रों की माने तो, बर्फ की चादर 291 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैल गई है और बढ़ती जा रही है। बर्फ की चादर पिछले 3 सालों में सबसे बड़ी हो गई है। समुद्री खेती करने वालों ने कहा कि इस साल बर्फ की चादर पिछले साल से अधिक मोटी है। तटीय पुलिस ने चेतावनी दी है कि चीन सागर में बोहाई और पीत सागर के पास गहरे समुद्र से होकर गुजरने वाले जहाजों को इस बर्फ की चादर से नुकसान हो सकता है।

error: Content is protected !!