हेगल बने नए अमेरिकी रक्षा मंत्री

hegel 2013-2-27वाशिंगटन। अमेरिकी सीनेट ने पूर्व रिपब्लिकन सीनेटर चक हेगल के भारत विरोधी बयान के बीच देश के नए रक्षा मंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति की पुष्टि कर दी है।

वियतनाम युद्ध में शामिल रहे 66 साल हेगल की नियुक्ति के प्रस्ताव को 41 के मुकाबले 58 वोट मिले। वह लियोन पेनेटा का स्थान लेंगे। उनके नाम की पुष्टि ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही उन्होंने भारत पर अफगानिस्तान के रास्ते पाकिस्तान की परेशानियां बढ़ाने वाले काम करने की बात कही थी। इस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।

नेबरस्का से पूर्व रिपब्लिकन सीनेटर हेगल के नाम को मंजूरी मिलने से ओबामा प्रशासन ने राहत की सांस ली है। उनकी नियुक्ति पिछले कुछ हफ्तों से अटकी पड़ी थी। अमेरिकी डेमोक्रेट और ह्वाइट हाउस को उनके नाम पर सहमति बनाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पिछले दिनों 15 रिपब्लिकन सीनेटरों ने राष्ट्रपति बराक ओबामा से हेगल का नामांकन वापस लेने का आग्रह किया था। इससे पहले हेगल के नामांकन को लेकर पिछले दिनों हुई प्रक्रियात्मक वोटिंग में उनके पक्ष में 58 वोट पड़े थे जो बहुमत से दो कम थे। माना जा रहा है कि कई रिपब्लिकन सीनेटरों ने एतराज के बावजूद हेगल के पक्ष में मतदान किया।

उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए ओबामा ने कहा कि अमेरिका को हेगल जैसे शख्सियत की रक्षा मंत्री के रूप में जरूरत है। हेगल ऐसे समय पेनेटा का स्थान लेंगे, जब 2014 में अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी शुरू होगी। इसके अलावा रक्षा बजट में कटौती, पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते घटनाक्रम, उत्तर कोरिया के बढ़ते खतरे जैसी चुनौतियां भी उनके सामने होंगी।

error: Content is protected !!