गुजरात में कांग्रेस का सफाया करने में जुटे मोदी

modi 2013-2-27अहमदाबाद। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया चाहते हैं। सटीक रणनीति के माहिर मोदी ने विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेसी नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री नरहरी अमीन को भाजपा से जोड़ा।

गत दिवस सौराष्ट्र के कद्दावर नेता व विधायक विट्ठल रादडिया और उनके विधायक पुत्र को अपने पाले में किया। अब सांसद कुंवरजी बावलिया व कई अन्य नेता भाजपा का दामन थामने की तैयारी में हैं।

भावनगर से भाजपा विधायक विभावरी दवे ने विस में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कहा, मोदी के नेतृत्व में गुजरात को कांग्रेस मुक्त बनाना उनका लक्ष्य है। गत दिनों गांधीनगर के पास ही छारोड़ी के स्वामीनारायण गुरुकुल में भाजपा विधायकों की कार्यशाला में मोदी ने सांसद, विधायक व पार्टी के नेताओं को राजनीति के पाठ तो पढ़ाए ही, जनता के दिल में सीधे उतरने के गुर भी सिखाए।

आठ मार्च को भाजपा में शामिल होंगे रादडिया

सौराष्ट्र के दिग्गज नेता और धोराजी सीट के विधायक विट्ठल रादडिया 8 मार्च को मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होंगे।

सूत्रों का कहना है कि विट्ठल रादडिया ने इसके लिए भव्य समारोह का आयोजन किया है। कार्यक्रम में एक लाख लोगों को लाने की योजना है। इसके जरिए रादडिया सौराष्ट्र में अपनी ताकत का प्रदर्शन करना चाहते हैं।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में राजकोट में सोनिया गांधी की सभा में डेढ लाख लोगों को एकत्र करने में रादडिया का बड़ा योगदान था।

error: Content is protected !!