वाशिंगटन। एक अंतरराष्ट्रीय कला प्रतियोगिता में विजेता चुने गए 36 छात्रों में से चार भारतीय छात्र भी शामिल हैं। इनमें से दो छात्र पंजाब, एक छात्र पश्चिम बंगाल और एक केरल से है। इस प्रतियोगिता के तहत दुनियाभर से नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के छात्रों को अपनी कला के प्रदर्शन के लिए आमंत्रित किया जाता है।
वर्ष 2013 के स्पेस फाउंडेशन के इंटरनेशनल स्टूडेंट आर्ट कांटेस्ट में केरल के मल्लपुरम जिले में आर्टेसिया आर्ट स्कूल की भव्या मितरा ने रेखाचित्र श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है। मीडिया में जारी बयान में कहा गया है, ‘पंजाब के मोहाली शहर में यादविंद्रा पब्लिक स्कूल के मनकीरत नारंग ने पेटिंग एंड मिक्स्ड श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल किया है। इसी स्कूल की जैसमिन नारंग और पश्चिम बंगाल के चतुंरग आर्ट सेंटर की पायल साहा ने पेंटिंग और मिक्स्ड मीडिया की श्रेणी में पहले दो स्थान हासिल किए हैं। 45 देशों से प्राप्त 4,700 आवेदनों में से 12 देशों के युवा कलाकारों को चुना गया था।
इन विजेताओं को पुरस्कृत करने के अलावा इनकी कलाकृतियों को अगले महीने कोलोराडो स्थित द ब्रॉडमूर होटल में आयोजित होने वाली स्पेस फाउंडेशन की 29वीं राष्ट्रीय परिचर्चा के दौरान प्रदर्शित किया जाएगा। विजेताओं को लॉकहीड मार्टिन एक्जीबिट सेंटर देखने के लिए भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा उन्हें नासा के पूर्व अंतरिक्ष यात्री लोरी चाओ से मिलवाया जाएगा। इस कला प्रतियोगिता का यह तीसरा साल है।
अंतरराष्ट्रीय जजों के एक पैनल ने चार विभिन्न श्रेणियों प्री केजी से दूसरी कक्षा, तीसरी से पांचवी कक्षा, छठी से आठवीं कक्षा और 9वीं से 12वीं कक्षा से पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे विजेताओं का चयन किया। कुल प्राप्त आवेदनों में से 36 विजेताओं के चयन के बाद हर श्रेणी में एक विजेता घोषित किया गया।