पाकिस्तान में सूचना मंत्री के घर के पास विस्फोट

ifitiykar husain 2013-3-12इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर इलाके में मंगलवार को हुए एक बम विस्फोट में सात लोग जख्मी हो गए। विस्फोट खैबर पख्तूनख्वा के सूचना मंत्री मियां इफ्तिखार हुसैन के घर के पास हुआ। हुसैन उस समय घर पर मौजूद नहीं थे।

कुछ मजदूरों का एक समूह हुसैन के घर के पास नौशेरा जिले के पब्बी इलाके में निर्माण कार्य कर रहा था। तभी यह कम क्षमता वाला विस्फोट हुआ। पास ही काम कर रहे मजदूर और रास्ते से गुजर रहे राहगीर इस विस्फोट में घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय हुसैन पेशावर में थे।

हुसैन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को लेकर अक्सर टिप्पणी करते रहे हैं। इससे पूर्व उन्हें आतंकियों द्वारा कई बार धमकियां दी जा चुकी हैं। हुसैन के इकलौते बेटे को आतंकियों ने पब्बी इलाके में 2010 में गोली मार दी थी। इसके कुछ दिन बाद तालिबान के एक आत्मघाती हमलावर ने हुसैन के घर को निशाना बनाया था जिसमें नौ लोग मारे गए थे।

error: Content is protected !!