सिंगापुर। जलवायु परिवर्तन और उसके प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भारत के 150 से अधिक शहर शनिवार को अर्थ आवर में भाग ले रहे हैं। वर्ष 2007 में सिडनी में शुरू हुआ ‘अर्थ आवर’ लोगों और कारोबारियों से जलवायु परिवर्तन के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए एक घंटे बिजली बंद रखने की अपील करता है। अर्थ ऑवर हर साल मार्च के अंतिम शनिवार को आयोजित किया जाता है। इस बार अर्थ आवर में दुनियाभर के सात हजार से अधिक देश शामिल होने वाले हैं। ‘अर्थ आवर ग्लोबल ऑफ द डब्ल्यूडब्ल्यू इंटरनेशनल’ के प्रमुख कार्यकारी अधिकारी सह संस्थापक एंडी रिडले ने कहा, ‘हमें पिछले साल की तुलना में इस साल अर्थ आवर में भारत के शहरों की संख्या 150 तक बढ़ने की उम्मीद है।’
पिछले साल भारत के महानगरों दिल्ली, मुंबई, बेंगलूर के अलावा छोटे शहरों गुना, इटावा आदि ने भी अर्थ आवर में भाग लिया था। रिडले ने कहा कि अर्थ आवर सिटी चैलेंज अभियान आगामी वर्षो में मोबाइल फोन आधारित अभियान की शुरुआत के साथ भारत में अपनी पहुंच बढ़ाएगा।