जेसीबी ने हाइड्रोमैक्स वर्ल्ड रिकॉर्ड के बाद भविष्य के लिए किया निवेश

नई दिल्ली, अक्टूबर, 2026: अपनी अग्रणी हाइड्रोजन तकनीक से 406.320 मील प्रति घंटा का नया वर्ल्ड लैंड स्पीड रिकॉर्ड बनाने के ठीक बाद, जेसीबी अपने भविष्य में निवेश को तेजी से बढ़ा रही है। कंपनी ब्रिटिश मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करने और अमेरिका में नई उत्पादन क्षमता बनाने के लिए बड़े कदम उठा रही है।

निर्माता कंपनी अपने स्टैफोर्डशायर स्थित विश्व मुख्यालय के कायाकल्प में भारी निवेश कर रही है। वहीं अमेरिका के सैन एंटोनियो, टेक्सास में जेसीबी की नई फैक्ट्री अगले महीने शुरू होने जा रही है, जो दुनिया में इसकी सबसे बड़ी फैक्ट्री है। इससे अगले पांच वर्षों में 1,500 नौकरियां पैदा होंगी।

जेसीबी जब अपने नए दौर के लिए निवेश कर रही है, उसी वक्त जॉर्ज बैमफोर्ड अपने पिता लॉर्ड बैमफोर्ड के साथ पारिवारिक कंपनी के जॉइंट चेयरमैन बनने जा रहे हैं। 50 से ज्यादा सालों में जेसीबी के शीर्ष नेतृत्व में यह पहला बदलाव है। इस दौरान यह कारोबार स्टैफोर्डशायर से शुरू होकर ब्रिटेन की सबसे बड़ी निजी स्वामित्व वाली मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में से एक बन चुका है, जिसके पास दुनिया भर में 23 फैक्ट्रियां और 20,000 से ज्यादा कर्मचारी हैं।

यह घोषणा ऐसे समय हुई है, जब जेसीबी ने दुनिया भर में उतार-चढ़ाव भरी बाजार स्थितियों और भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद 2025 में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का सेल्स टर्नओवर कुल 5.7 अरब पाउंड रहा, टैक्स से पहले का लाभ 64.2 करोड़ पाउंड रहा और मशीनों की बिक्री 1,13,498 यूनिट्स तक पहुंची। साथ ही, कारोबार बिना किसी नेट उधारी के कर्ज-मुक्त बना रहा। उत्तरी अमेरिका में मांग स्थिर रहने और भारतीय बाजार में 12% की गिरावट के बावजूद, जेसीबी ने अपना ग्लोबल मार्केट शेयर भी बढ़ाया है।

ब्रिटेन में जेसीबी के निवेश के केंद्र में इसके स्टैफोर्डशायर मुख्यालय का 10 करोड़ पाउंड का कायाकल्प है। 1950 से यही जेसीबी का घर रहा है, जब जोसेफ सिरिल बैमफोर्ड ने अपना उत्पादन रोसेस्टर की एक ऐसी फैक्ट्री में शिफ्ट किया था, जहां पहले चीज बनती थी। 6 करोड़ पाउंड की लागत वाला पूरी तरह से ऑटोमैटिक पाउडर पेंट प्लांट और बड़े पैमाने पर आधुनिक बनाया गया शॉप फ्लोर इस बदलाव का हिस्सा हैं, जो ब्रिटेन में 8,000 से अधिक नौकरियों के भविष्य को सुरक्षित रखने में मदद कर रहे हैं।

अमेरिका के सैन एंटोनियो, टेक्सास में 1 अरब डॉलर की लागत वाली जेसीबी की नई फैक्ट्री अगले महीने शुरू होने जा रही है। 10 लाख वर्ग फुट में फैली यह दुनिया में जेसीबी की सबसे बड़ी फैक्ट्री है। यह दुनिया के सबसे बड़े कंस्ट्रक्शन उपकरण बाजार, उत्तरी अमेरिका के लिए लोडऑल टेलीस्कोपिक हैंडलर और एक्सेस इक्विपमेंट बनाएगी।

फैक्ट्रियों में निवेश के साथ-साथ इनोवेशन में भी उतना ही निवेश किया जा रहा है। हाइड्रोजन कंबशन टेक्नोलॉजी विकसित करने के लिए जेसीबी के 10 करोड़ पाउंड के प्रोग्राम के बाद, अब हाइड्रोजन से चलने वाली मशीनों का उत्पादन शुरू हो चुका है। इसके साथ ही जेसीबी पूरी तरह मंजूरी पा चुके हाइड्रोजन ईंधन वाले कंबशन इंजन को बाजार में लाने वाली दुनिया की पहली कंस्ट्रक्शन उपकरण कंपनी बन गई है।

पिछले महीने, इन्हीं इंजनों ने जेसीबी को यूटा के बोनविले साल्ट फ्लैट्स में रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा दिया। विंग कमांडर एंडी ग्रीन ओबीई के चलाए जेसीबी हाइड्रोमैक्स ने साल्ट फ्लैट्स पर 406.320 मील प्रति घंटा (653.909 किमी प्रति घंटा) की रफ्तार दर्ज की और अब तक का सबसे तेज हाइड्रोजन से चलने वाला वाहन बन गया। यह पिछले हाइड्रोजन कंबशन रिकॉर्ड से दोगुने से भी ज्यादा तेज रहा, और इसने 20 साल पहले बने जेसीबी के अपने ही डीजलमैक्स डीजल रिकॉर्ड को तोड़ दिया। जेसीबी हाइड्रोमैक्स में दो प्रोडक्शन-आधारित हाइड्रोजन इंजन लगे थे, जिनका निर्माण डर्बीशायर के फोस्टन स्थित जेसीबी की फैक्ट्री में हुआ था। विचार से लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड तक का सफर हाइड्रोमैक्स ने सिर्फ 18 महीनों में तय किया।

इसी बीच, जेसीबी एकेडमी लगातार मजबूत होती जा रही है। यह ब्रिटेन में इंजीनियरिंग स्किल्स की कमी दूर करने की एक अग्रणी पहल है, जिसे एंथनी बैमफोर्ड का समर्थन मिला है। इस साल सितंबर के लिए उपलब्ध 314 सीटों के लिए 708 छात्रों ने आवेदन किया, जिससे एकेडमी की यह पुरानी पहचान बनी हुई है कि यहां दाखिले के लिए होड़ रहती है। 2010 में शुरू होने के बाद से, इसने लगभग 3,750 युवाओं को शिक्षित किया है और यहां से निकलने वाले 100% छात्र या तो नौकरी में गए हैं या आगे की पढ़ाई में। इस महीने, 6,300 से अधिक आवेदकों में से चुने गए कुल 116 नए अप्रेंटिस, अंडरग्रेजुएट और ग्रेजुएट भी जेसीबी में शामिल हुए हैं।

 जेसीबी के चेयरमैन लॉर्ड बैमफोर्ड ने कहा, “पिछले साल जेसीबी ने अपनी 80वीं सालगिरह मनाई। आगे की ओर देखते हुए हम अपने कारोबार के भविष्य में भारी निवेश कर रहे हैं। इसमें स्टैफोर्डशायर मुख्यालय के कायाकल्प और अग्रणी हाइड्रोजन टेक्नोलॉजी से लेकर टेक्सास की नई फैक्ट्री तक सब शामिल है। नए दौर के इस सफर में मुझे बहुत खुशी है कि मेरे बेटे जॉर्ज अब जेसीबी के जॉइंट चेयरमैन बनेंगे। हम कभी भी एक जगह ठहरने वाली कंपनी नहीं रहे हैं, और इन निवेशों से यह सुनिश्चित होगा कि जेसीबी आने वाले मौकों को भुनाने के लिए पूरी तरह तैयार रहे।”

 जॉर्ज बैमफोर्ड ने कहा, “जिस दिन मेरे दादाजी ने 1945 में जेसीबी की स्थापना की थी, उसी दिन से इनोवेशन और ब्रिटेन में निवेश हमारे हर काम के केंद्र में रहे हैं। जेसीबी हाइड्रोमैक्स ने दुनिया को दिखाया कि ब्रिटिश इंजीनियरिंग क्या हासिल कर सकती है। वही भावना हमारी बनाई हर मशीन में है। जेसीबी ने इन सालों में दुनिया भर में विस्तार किया है, लेकिन हमारा घर हमेशा यहीं रहा है। अपनी सुविधाओं व नए उत्पादों में हम जो रिकॉर्ड निवेश कर रहे हैं, वह ब्रिटेन के लिए अच्छी खबर है और जेसीबी के लिए भी अच्छी खबर है।”

 जेसीबी के सीईओ ग्रीम मैकडॉनल्ड ने कहा, “दुनिया भर में बाजार की मिली-जुली परिस्थितियों के बीच 2025 ज्यादा चुनौतीपूर्ण साल रहा, फिर भी जेसीबी ने कुल मिलाकर मजबूत प्रदर्शन किया। मशीनों की बिक्री में लगभग 5% की गिरावट आई, लेकिन बेहतर मार्केट और प्रोडक्ट मिक्स की वजह से टर्नओवर मोटे तौर पर स्थिर रहा। उत्तरी अमेरिका और भारत, दोनों जेसीबी के लिए अहम बाजार हैं। उत्तरी अमेरिका में बाजार जरा भी नहीं बढ़ा और भारत में यह 12% सिकुड़ गया, फिर भी हमने 2025 में अपना ग्लोबल मार्केट शेयर बढ़ाया, जो एक उत्साहजनक नतीजा है। भू-राजनीतिक अनिश्चितता बनी रहने के बावजूद, 2026 के लिए आम तौर पर मध्यम विकास का अनुमान है। टेक्सास व स्टैफोर्डशायर में नई क्षमता शुरू होने के साथ हम इसका लाभ उठाने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।”

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!