सियोल। उत्तर कोरिया ने मंगलवार को मांग की कि उसे परमाणु हथियार वाले देश के रूप में मान्यता दी जाए। उसने वार्ता के लिए परमाणु हथियार कार्यक्रम छोड़ देने वाली अमेरिकी शर्त को अस्वीकार कर दिया है।
कोरियाई प्रायद्वीप में कई सप्ताह तक चले तनाव के बाद उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया और अमेरिका द्वारा बातचीत की मांग पर हाल के दिनों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देना शुरू किया है। पहले उसने कोरियाई प्रायद्वीप में परमाणु युद्ध की धमकी दी थी। रोडोंग सिनमून अखबार के मुताबिक उत्तर कोरिया ने अमेरिका व दक्षिण कोरिया की इस शर्त को ठुकरा दिया कि उसे परमाणु हथियार कार्यक्रम छोड़ देना चाहिए और मिसाइल लांच नहीं करने चाहिए।
अखबार का कहना है कि यह शर्त निराधार है। इसके मुताबिक यदि उत्तर कोरिया अमेरिका के साथ वार्ता की मेज पर बैठता है तो उसके साथ परमाणु हथियार संपन्न देशों जैसी बातचीत होनी चाहिए। एक पक्ष को उत्तर कोरिया पर परमाणु हथियार कार्यक्रम छोड़ने के लिए दबाव नहीं डालना चाहिए। इसी महीने ह्वाइट हाउस प्रवक्ता ने कहा था कि बातचीत के सार्थक होने के लिए जरूरी है कि उत्तर कोरिया परमाणु हथियार कार्यक्रम छोड़ देने के प्रति गंभीरता दिखाए।