मोदी और राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी जॉइन की!

rahulNarendra-Modibarakनई दिल्ली / क्या अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, बीजेपी के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम ने आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली है? अगर AAP के रेकॉर्ड पर यकीन करें तो 10 जनवरी से 26 जनवरी के बीच ‘मैं भी आम आदमी’ के नाम से जारी पार्टी के नि:शुल्क विशेष सदस्यता अभियान के तहत इन लोगों ने सोमवार को पार्टी की सदस्यता के लिए अर्जी दी जिसे पार्टी ने स्वीकार कर लिया।
यकीन नहीं होता तो उन्हें आम आदमी पार्टी की ओर से दिया गया मेंमबरशिप नंबर नीचे देख सकते हैं। दिमाग घूम गया ना? चलिए आपको चक्कर से बाहर निकालते हैं। दरअसल आम आदमी पार्टी इन दिनों जोर-शोर से नि:शुल्क सदस्यता अभियान चला रही है। पार्टी का टारगेट 1 करोड़ लोगों को अपने साथ जोड़ना है। इसके तहत लोगों को www.aamaadmiparty.org/join-us ऑनलाइन फॉर्म भरवाकर भी सदस्य बनाया जा रहा है।
ऑनलाइन सदस्यता के नाम पर बस खानापूर्ति की कई शिकायतें सामने आ रही थीं। बताया जा रहा था कि कोई भी किसी भी नाम से यहां सदस्य बन सकता है। हमने यह जांचने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के नाम से फॉर्म भरे। हैरत की बात यह रही कि यह फॉर्म स्वीकार कर लिया गया और बकायदा तीनों को मेंबरशिप नंबर के साथ स्वीकृति की सूचना दे दी गई।
सदस्यता के लिए भरी गई जानकारियों की कोई जांच-पड़ताल नहीं की गई। पार्टी से जुड़ने वाले शख्स की पृष्ठभूमि तो छोड़िए, उसके नाम तक की ठीक से पड़ताल नहीं की जा रही है। आपको बस फॉर्म भरना है और आप आम आदमी पार्टी के सदस्य बन गए। आपको बाकायदा मेंबरशिप नंबर भी दे दिया जाता है। साथ में नीचे संदेश होता है, ‘आप अपने संदर्भ के लिए इस पेज का प्रिंट आउट रख सकते हैं। आप को यह प्रिंट आउट किसी भी AAP कार्यालय को भेजने की जरूरत नहीं है।’
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल ने सदस्यता अभियान शुरू करते हुए कहा था कि 26 जनवरी तक पार्टी का एक करोड़ सदस्य जोड़ने का उद्देश्य है। पार्टी अपने इस सदस्यता अभियान को बेहद सफल बता रही है। 14 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया गया कि पार्टी ने अब तक 10 लाख लोगों को सदस्य बना लिया है। ऐसे में आप का ऑनलाइन सदस्यता अभियान जिस तरह से चल रहा है, उससे पार्टी के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। http://navbharattimes.indiatimes.com/

error: Content is protected !!