असम में आज फिर भड़की हिंसा

गुवाहाटी। असम में आज एक बार फिर से हिंसा भड़क गई है। ताजा घटनाक्रम में असम के बक्शा जिले में एक व्यक्ति पर हमला हुआ और उसके वाहन को जला दिया गया है। बदले में लोगों ने एक पुल को आग के हवाले कर दिया है। यहा बलवाइयों और पुलिस में झड़प होने से कई लोग घायल हुए हैं। भीड़ ने कई बसों और पुलों को आग के हवाले कर दिया है। हालात काबू में करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और सेना तैनात की गई है।

यह हिंसा उस हमले के दो दिन बाद भड़की है जिसमें चार संदिग्ध उग्रवादियों ने चिरांग जिले में असम-भूटान बॉर्डर के करीब चार मजदूरों को गोली से भून दिया था। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के साथ राज्य के दौरे पर आई थीं। उन्होंने स्थानीय लोगों को सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।

असम के बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद (बीटीसी) क्षेत्रों में 20 जुलाई से हिंसा भड़की हुई है। इसमें 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। साढ़े चार लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए है। इन दंगों के बाद हजारों परिवार शरणार्थी शिविरों में शरण लिए हुए हैं। इस हिंसा की आग में मुंबई तक झुलस चुकी है।

error: Content is protected !!