भाजपा का सुराज्य पर्व महाअभियान रविवार से

पूरे महाराष्ट्र में कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसंपर्क की तैयारी

bjp-logoमुंबई, 19 नवंबर (शनिवार)। भारतीय जनता पार्टी का सुराज्य पर्व महाभियान रविवार से पूरे प्रदेश में शुरू हो रहा है। इस महापर्व अभियान में प्रदेश के सभी जिले और मंडल स्तर के सदस्य भाग लेंगे। प्रदेश का पहला ‘सुराज्य सम्मलेन’ रविवार को मलबार हिल विधान सभा से शुरू होगा। प्रदेश भर में कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसंपर्क की व्यापक तैयारियां की गई है।

गामदेवी स्थित शारदा मंदिर स्कूल में रविवार की शाम 5 बजे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सुराज्य अभियान के संयोजक विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा द्वारा आयोजित प्रदेश के इस पहले ‘सुराज्य सम्मलेन’ में भाजपा के संगठन महामंत्री रविन्द्र भुसारी मुख्य अतिथि होंगे। पेडर रोड रेजिडेंशियल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनिंदर सिंह और मुंबई शहर के प्रथम वास्तुकार नाना जगन्नाथ शंकर सेठ के परिवार के सदस्य अतुल शंकरसेठ सुराज्य सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि श्री होंगे। प्रदेश भाजपा के सुराज्य अभियान के संयोजक मंगल प्रभात लोढ़ा के मुताबिक प्रदेश भर में रविवार से शुरू हो रहे सुराज्य पर्व महाभियान में हर जिला एवं मंडल स्तर पर सभी कार्यकर्ता अपने अपने वार्ड के बूथों में जन-संपर्क करेंगे और आम जनता को सरकार की उपलब्धियों तथा योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करेंगे।

सुराज्य पर्व महाभियान में सरकार के कामकाज के बारे में सुझाव भी इकट्ठे किए जाएंगे। हर जिला एवं मंडल स्तर पर सारे पदाधिकारियों को व्यापक तैयारियां करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। प्रदेश बीजेपी इस अभियान को तेज करने के लिए जिला व मंडल स्तर पर दो – दो सदस्यों की एक समिति की नियुक्ति कर रही है। विधायक लोढ़ा ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद को मिले, इसके लिए अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्ज सुराज्य रथ प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पहुंच रहा है। इस सुराज्य रथ में सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी देने के लिए वीडियो दिखाए जा रहे हैं।

error: Content is protected !!