केजरीवाल को किया जाए नजरअंदाज : मुलायम

समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने अरविंद केजरीवाल की तरफ से सलमान खुर्शीद और रॉवर्ट वाड्रा पर लगाए गए आरोपों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि केजरीवाल एक दिन लोगों पर आरोप लगाते-लगाते थक जाएंगे और चुप हो जाएंगे। जब भी वे इस तरह के आरोप लगाएं तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाए। मुलायम सिंह ने कहा कि केजरीवाल को आरोप लगाने की आदत सी हो गई है।

इससे पहले रॉबर्ट वाड्रा और केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद पर मुलायम सिंह का रुख नरम होता हुआ दिखाई दिया। हालांकि, उन्होंने अरविंद केजरीवाल के वाड्रा पर लगाए आरोपों पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। सलमान के बाबत पूछे गए सवाल पर उन्होंने यह कहते हुए कन्नी काटी कि वह [सलमान] अभी परेशानी में हैं, इसलिए उनके बारे में कुछ नहीं कहूंगा। यादव ने कहा कि वह नहीं मानते कि देश की राजनीतिक संकट के दौर से गुजर रही है। बहस जरूर छिड़ी है और कुछ न कुछ नतीजा भी निकलेगा। केजरीवाल के विभिन्न पार्टियों के नेताओं पर एक के बाद एक लगाए जा रहे आरोपों पर सपा प्रमुख ने कहा कि वह सिर्फ आरोप हैं, सही हैं या गलत, यह सिद्ध नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल तो सभी को भ्रष्ट मानते हैं, ऐसे में उनको ज्यादा अहमियत देने की जरूरत नहीं है। वह अब राजनीति में आए हैं। चुनाव लड़ेंगे तो खुद की स्थिति का पता चल जाएगा।

error: Content is protected !!