पप्‍पू यादव ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन

पटना। जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्‍पू यादव ने बिहार को विशेष राज्‍य का दर्जा देने की मांग को लेकर आज संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्‍होंने नारा लिखा हुआ गाउन पहनकर नारेबाजी भी की। श्री यादव ने बिहार को विशेष राज्‍य का दर्जा देने की मांग को लेकर कार्यस्‍थगन प्रस्‍ताव भी लाया।

बाद में पत्रकारों से चर्चा करते श्री यादव ने कहा कि बिहार विशेष राज्‍य का दर्जा प्राप्‍त करने की कई शर्तों को पूरा करता है। पूरा बिहार बाढ़ व सुखाड़ से ग्रस्‍त है। उत्‍तर बिहार में प्रतिवर्ष बाढ़ से सैकड़ों लोग मौत के मुंह में समा जाते हैं। हजारों एकड़ की खेती बर्बाद हो जाती है। जबकि दक्षिण बिहार के कई जिले सूखाग्रस्‍त हैं और पानी के अभाव धान का बिचड़ा भी नहीं बोया जा सका है। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य की बड़ी आबादी कृषि और कृषि उत्‍पादों पर निर्भर है। जबकि कृषि सबसे जोखिम भरा कार्य है। यह घाटे का सौदा ही है। श्री यादव ने कहा कि राज्‍य के 32 फीसदी लोग भूमिहीन हैं।

सांसद श्री यादव ने कहा कि वे शुरू से ही बिहार के बंटवारे के खिलाफ थे और लोकसभा में बंटवारे के विधेयक का विरोध भी किया था। बंटवारे के बाद बिहार को विशेष राज्‍य का दर्जा और विशेष पैकेज दिया जाना जरूरी है। उन्‍होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी (लो) ने विशेष राज्‍य के दर्जे के लिए हस्‍ताक्षर अभियान चलाया है और इसी लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए ‘बदलाव का संकल्‍प’ अभियान की शुरुआत की गयी है। श्री यादव ने कहा कि विशेष राज्‍य के दर्जे की मांग को लेकर उनकी लड़ाई सड़क से संसद तक जारी रहेगी।

error: Content is protected !!