इस दीवानगी के शाहरुख भी दीवाने

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के दीवाने तो लाखों हैं मगर विशाल सिंह की दीवानगी सबसे जुदा है। विशाल ने लखनऊ के अलीगंज स्थित अपने घर और शॉप का जर्रा-जर्रा शाहरुखमय बना डाला है। जहां नजर डालो वहीं शाहरुख को पोस्टर या नाम खुदा हुआ नजर आता है। घर का हर सामान, कपड़ों पर भी शाहरुख के दर्शन होते हैं। कुर्सी हो या मेज, ड्राइंगरूम से बेडरूम तक, हर जगह शाहरुख। घर के बाहर लगा शाहरुख की नवीनतम फिल्म ‘जब तक है जान’ का पोस्टर सिनेमाहॉल का भ्रम पैदा करता है। विशाल की कार भी पूरी तरह शाहरुख के रंग में रंगी है।

विशाल बचपन से ही शाहरुख के फैन हैं। किंगखान अभिनीत सीरियल फौजी से विशाल की दीवानगी दिन प्रति दिन बढ़ती चली गई। ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ रिलीज हुई तो विशाल को अपनी रियल लाइफ इस फिल्म की रील लाइफ में दिखी। फिल्मी अंदाज में वह प्रेमिका के घर पर एक शादी के कामकाज में हाथ बंटाने जा पहुंचे। श्वसुर पर प्रभाव जमाने के लिहाज से वह उन्हें भी यह फिल्म दिखाने ले गए। आखिर में बात बन गई और रुचि सिंह से उनका विवाह हो गया। शादी का श्रेय शाहरुख खान को देते हुए विशाल कहते हैं कि किंग खान से मिलने के लिए उन्होंने मुंबई का रुख किया। कई दिनों तक डेरा जमाए रहे, लेकिन भेंट न हो सकी। सुरक्षा गार्ड के सहयोग से देर रात शूटिंग से लौटे शाहरुख से जब विशाल रूबरू हुए तो उनकी खुश का ठिकाना न था। शाहरुख को सामने देख रुचि भी निहाल थीं। मारे खुशी के विशाल व रुचि रोने लगे। शाहरुख ने अपने सहयोगी से कहकर फोटो खिंचवाई और एक विदेशी पेन गिफ्ट किया। 1996 से शुरू हुआ किंग खान से मुलाकात का यह क्रम आज तक बना है। अब तक दर्जनों मुलाकातें हो चुकी हैं।

फतेहपुर सीकरी में ‘परदेस’ की शूटिंग के दौरान विशाल और रुचि ने शाहरुख से आग्रह जिमाया ‘आप सिगरेट पीना कम कर दें, सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक है।’ शाहरुख ने कहा-जरूर। अब कभी-कभार ही सिगरेट पिया करूंगा। विशाल की इस बात ने शाहरुख की पत्‍‌नी गौरी के मामा तेजेंद्र तिवारी का दिल छू लिया। होम्योपैथी दवाओं के विक्रेता विशाल ने अपने घर के सदस्यों का नाम भी बदल दिया है, खुद हो गए हैं विशाहरुख, पत्नी गौरी, पुत्र राजआर्यन और बेटी का नाम सिमरन। घर का नाम कर दिया है -शाहरुख पैलेस। शाहरुख ने विशाल से वायदा किया है कि वह उनकी नई शॉप का उद्घाटन करने आएंगे और तब से उद्घाटन की बांट जोहती दुकान बंद है। शाहरुख अपनी जल्द आने वाली जीवनी में विशाल की दीवानगी के बारे में दो पृष्ठीय सामग्री देने जा रहे हैं। रुचि कहती हैं, ‘ऐसा लगता है कि शाहरुख हर कदम पर मेरे पति व परिवार के साथ हैं।’ विशाल उस दिन के इंतजार में हैं जब शाहरुख उनकी ‘न्यू होम्यो शॉप’ का उद्घाटन करने आएंगे।

error: Content is protected !!