आश्रयगृह की बालिकाओं के साथ हुए दुष्‍कर्म के मामले की हो सीबीआई जांच

मुजफ्फरपुर व फतुहा कांड के खिलाफ लोकसभा में लाएंगे कार्यस्‍थगन प्रस्‍ताव
विशेष आर्थिक पैकेज के लिए हो सर्वे
बिहार को सूखाग्रस्‍त घोषित करने की मांग की

पटना। जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्‍पू यादव ने मुजफ्फरपुर आश्रय गृह की लड़कियों का यौन शोषण व दुष्‍कर्म के मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। आज पटना में पत्रकारों से चर्चा में उन्‍होंने बिहार को विशेष आर्थिक पैकेज देने और सूखाग्रस्‍त घोषित करने की मांग भी की।
श्री यादव ने कहा कि मेडिकल जांच की रिपोर्ट में खुलासा हो गया है कि आश्रय गृह की लड़कियों का यौन शोषण हुआ है। अब सरकार को स्‍पष्‍ट करना चाहिए कि किन नेताओं और अधिकारियों ने उनका यौन शोषण किया। इसके लिए दोषी अधिकारियों के खिलाफ क्‍या कार्रवाई की जा रही है। सांसद ने कहा कि सोमवार को वे मुजफ्फरपुर आश्रयगृह में रहने वाली लड़कियों के मामले को लेकर लोकसभा में कार्यस्‍थगन प्रस्‍ताव लाएंगे और मामले की सीबीआई जांच की मांग करेंगे। फतुहा के एक निजी स्‍कूल के छात्रावास में छात्र की हत्‍या के मामले की भी सीबीआई जाचं की मांग की। उन्‍होंने कहा कि लड़कियों के यौन शोषण और फतुहा की घटना के खिलाफ जन अधिकार पार्टी (लो) की महिला प्रकोष्‍ठ विधान सभा का घेराव करेगी। श्री यादव ने कहा कि फतुहा में अभिमन्‍यु की हत्‍या के खिलाफ पार्टी न्‍याय रथ यात्रा निकालेगी। इसके साथ ही स्‍कूल संचालक, उसके पुत्र और गार्ड की गिरफ्तारी की मांग की।
सांसद श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्‍पष्‍ट कर दिया है कि बिहार को विशेष राज्‍य का दर्जा दिया जाना संभव नहीं है। वैसी स्थिति में मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार के सर्वांगिक विकास के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की मांग करनी चाहिए। इसके लिए विशेषज्ञों से सर्वे करवाकर रिपोर्ट तैयार करनी चाहिए और उसे केंद्र सरकार के पास भेजना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि केंद्र और राज्‍य दोनों जगह एनडीए की सरकार है। वैसे में एनडीए में शामिल दलों को विशेष राज्‍य के दर्जे के लिए एकजुट होना चाहिए। सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी विशेष राज्‍य के दर्जे की मांग पर अडिग है और इसके लिए आंदोलन करती रहेगी।
पत्रकार वार्ता में पार्टी के राष्‍ट्रीय महासचिव प्रेमचंद सिंह, राघवेंद्र कुशवाहा व राजेश रंजन पप्‍पू, प्रवक्‍ता श्‍यामसुंदर यादव भी मौजूद थे।

error: Content is protected !!