दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना का निधन

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को यहां निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। खुराना के परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। उनके एक बेटे का पिछले महीने निधन हो गया था।
भाजपा के वरिष्ठ नेता खुराना 1993 से 1996 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे थे। उन्हें 2004 में राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। खुराना के बेटे हरीश ने पीटीआई भाषा को बताया, ‘‘ उन्होंने यहां कीर्ति नगर स्थित आवास में रात करीब 11 बजे अंतिम सांस ली।’’ उन्होंने कहा कि खुराना को छाती में संक्रमण था और पिछले कुछ दिनों से बुखार भी था। शनिवार सुबह से ही उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उन्हें पांच साल पहले ब्रेन हेमरेज हुआ था और तब से वह बीमार चल रहे थे। परिवार ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।
हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘ भाजपा परिवार और दिल्ली के हमारे पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ श्री मदनलाल खुरानाजी के परिवार को मेरी गहरी संवेदना। उनका लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया। मेरी संवेदनाएं उनके प्रियजनों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’

error: Content is protected !!