श्रीहरि वृद्धाश्रम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हुआ प्रेरक आयोजन

विदिषा 8 मार्च 2019/ श्रीहरि वृद्धाश्रम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आश्रम की हितग्राही सभी बुजुर्ग माताओं के विशेष सम्मान सहित एक नवाचार भी प्रारंभ किया गया। इस नवाचार के अंतर्गत वृद्धाश्रम प्रबंधन द्वारा आश्रम के लिए सर्वाधिक संकल्पित एवं अपने जैसे अन्य वृद्धजनों के लिए समर्पित भाव से सेवा करने वाली वृद्धाश्रम की ही एक हितग्राही माता को प्रतिवर्ष सम्मानित करने का निर्णय लेते हुए नवाचार का शुभारंभ भी किया गया।
श्रीहरि वृद्धाश्रम की अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा शर्मा ने आश्रम में विगत कई वर्षों से अपनी स्वेच्छा से भोजन व्यवस्था में पूर्ण समर्पित होकर सेवा करने वाली 70 वर्षीय श्रीमती सहोदरा यादव को संस्था के सेवाभावी चिकित्सक डॉ. प्रकाश पीतलिया के मुख्य आतिथ्य में शाल-श्रीफल, साड़ी और 500 की नगद राशि भेंटकर सम्मानित किया। श्रीमती इंदिरा शर्मा ने बताया कि यह सम्मान वृद्धाश्रम की माताओं की विभिन्न गतिविधियों में पूरे वर्ष सेवा करने की संवेदनाओं का मूल्यांकन करने के उपरांत प्रतिवर्ष 8 मार्च को दिया जाएगा। संस्था के समन्वयक वेद प्रकाश ने सभी माताओ को नमन करते हुए कहा कि भारतीय माताएं दया, और करुणा की साक्षात मूर्ति होती है, हमे सदैव उनका सम्मान करना चाहिए। डॉ. प्रकाश पीतलिया ने कहा कि इस नवाचार से वृद्धजनो के सेवाभाव में वृद्धि होगी और सेवा में प्रतिस्पर्धा से आश्रम का बेहतर संचालन होगा। इस सम्मान से वृद्धाश्रम की माताओं में अपने जैसे अन्य बुजुर्गों की सेवा करने का नया और सेवा भाव जागृत हुआ है। इस अवसर पर वृद्धाश्रम की प्रबन्धक सुश्री केशर जहाँ, सुश्री देबकी रायकवार, श्रीमती मंजू शर्मा सहित सभी वृद्धजन और सेवाभावी गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!