बैंगलोर, मई 2021: कोविड-19 के खिलाफ युद्ध में अपने राहत प्रयासों को जारी रखते हुए टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने आज एलान किया कि उसके कर्मचारियों में से कुछ नेशनल डॉक्टर हेल्पलाइन के लिए योगदान और समर्थन करने की शुरुआत करेंगे। टीकेएम के करीब 60 कर्मचारियों की पहचान की गई है। ये शुरू में घर से काम करने के मॉडल पर शुरुआत करेंगे और यह एक महीने के लिए होगा। आवश्यकता के अनुसार इसका विस्तार किया जा सकता है और इस तरह उस हेल्पलाइन को सहायता दी जाएगी जो कोविड-19 के मरीजों को टेलीकंसलटेशन मुहैया कराता है।
स्वेच्छा से काम करने वाले टीकेएम के कर्मचारी ऑनबोर्ड डॉक्टर होंगे और कोविड-19 के मरीजों की सहायता करेंगे ताकि वे पंजीकृत चिकित्सकों से जुड़ सकें। इनकी भूमिका चिकित्सकों की शिफ्ट बनाने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करना भी होगा कि हेल्पलाइन पर कॉल करने वाले सभी मरीजों की चिकित्सक से बात हो जाए। इसके लिए बाकायदा शिड्यूलिंग और फॉलोअप हो। स्वयं सेवियों का पहला बैच इस समय नियुक्त एजेंसी से आवश्यक ऑनलाइन प्रशिक्षण हासिल कर रहा है। इसके बाद उन्हें जल्दी ही इस काम के लिए तैनात कर दिया जाएगा।
ये कार्यकर्ता टीकेएम के ‘कोविड वॉरियर्स क्लब’ के भाग हैं। इसका गठन स्थानीय समुदायों और सरकारी विभागों की सहायता करने के लिए किया गया था। कोविड-19 संक्रमण के कारण मेडिकल केयर की बढ़ती मांग से निरपटने के लिए यह व्यवस्था की गई थी।
इस नई पहल की चर्चा करते हुए जी शंकर, वाइस प्रेसिडेंट, एचआर और सर्विसेज, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने कहा, “हमलोगों ने दूसरी लहर के दौरान कोविड संक्रमण के मामलों में भारी वृद्धि के मद्देनजर कोविड वॉरियर्स क्लब का गठन स्थानीय समुदाय और सरकारी एजेंसियों की सहायता करने के लिए किया था। यह स्वैच्छिक पहल फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को हेल्पलाइन का प्रबंध करने के लिए आवश्यक समर्थन मुहैया कराने में सहायता करेगी। इसके अलावा, यह गतिविधि हमारे कर्मचारियों के लिए एक चैनल मुहैया कराएगी जो राहत उपायों में योगदान करने की इच्छा रखते हैं और इसके साथ यह सुनिश्चित होता है कि वे घर पर ही रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। अगर जरूरत पड़ी तो और भी कर्मचारी आगे आने तथा सरकार के प्रयासों को मजबूत करने के लिए तैयार हैं।”
उपरोक्त पहल के अलावा टीकेएम स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा उपकरण जैसे ऑक्सीजन कनसेनट्रेटर, एम्बु बैग्स, बेड साइड मोनिटर आदि मुहैया कराने की दिशा में काम कर रहा है।