नयी दिल्ली, 24 अगस्त, 2021- इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के लिए भारत को एक वैश्विक केंद्र बनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में एक बड़े कीर्तिमान की दिशा में अगली पीढ़ी के इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के विनिर्माण में लगी देश की अग्रणी कंपनी ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ओईएल) ने ताईवान मुख्यालय वाली 30 अरब डॉलर की कंपनी विस्ट्रॉन कॉरपोरेशन की भारतीय अनुषंगी विस्ट्रॉन इन्फोकॉम मैन्युफैक्चरिंग (इंडिया) के साथ मोबाइल उपकरणों, आईटी हार्डवेयर और ऑटोमोटिव-ईवी उत्पादों के विनिर्माण के उद्देश्य से एक अनूठा गठबंधन करने के लिए एक रणनीतिक साझीदारी के मसौदे पर आज हस्ताक्षर किया। यह रणनीतिक गठबंधन संयुक्त उत्पाद विकास, इंजीनियरिंग क्षमताओं, सॉफ्टवेयर एवं फर्मवेयर विकास के बल पर भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सेवाओं में एक अनूठे प्रस्ताव की पेशकश करेगा। इसके अलावा, इससे देश में रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। यह गठबंधन स्मार्ट विनिर्माण को भारत में लाकर डिजाइन सॉल्यूशंस, उत्पाद विकास के लिए भारत में एक संयुक्त केंद्र के निर्माण की दिशा में भी काम करेगा।
यह गठबंधन मोबाइल फोन के विनिर्माण के अलावा टैबलेट्स, लैपटॉप, हियरेबल्स/वियरेबल्स, दूरसंचार उत्पाद, आईओटी/औद्योगिक आईओटी, स्मार्ट मीटर/उपकरण और ऑटोमोटिव ईवी उत्पादों की डिजाइन तैयार करने एवं उनका विनिर्माण करने की दिशा में भी काम करेगा। यह गठबंधन भारत में डिजाइन पारितंत्र के विस्तार पर भी ध्यान केंद्रित करेगा। वर्तमान में ऑप्टिमस के पास मोबाइल फोन विनिर्माण और आईटी हार्डवेयर विनिर्माण दोनों के लिए पीएलआई है और इसकी योजना अगले 3 से 5 साल में अपना निवेश बढ़ाकर 1,350 करोड़ रूपये पहुंचाने की है।
ओईएल ने अगले 3 से 5 साल में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर करीब 11,000 पहुंचाते हुए विभिन्न उत्पाद खंडों में करीब 38,000 करोड़ रूपये की आय हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के पास वर्तमान में दो विनिर्माण संयंत्र है जो उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित हैं और इनकी संयुक्त विनिर्माण क्षमता प्रतिमाह करीब 20 लाख उपकरणों की है। ओईएल और विस्ट्रॉन का गठबंधन एक ही छत के नीचे महत्तम लागत पर पीएलआई साझा करते हुए ताइवानी टेक्नोलॉजी की पेशकश करेगा। इस साझीदारी के जरिये ऑप्टिमस और विस्ट्रॉन कॉरपोरेशन, ओईएल की विनिर्माण सुविधाओं के जरिये घरेलू और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों की जरूरतें पूरी करने की मिलकर संभावनाएं तलाशेंगी।
इस गठबंधन की घोषणा करते हुए ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ए गुरूराज ने कहा, ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स में हम मोबाइल, आईटी उत्पादों के विनिर्माण और इससे जुड़े पारितंत्र के लिए भारत में एक विश्वस्तरीय आपूर्ति श्रृंखला का सृजन करने के प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के आह्वान का मजबूती के साथ समर्थन करते हैं और विस्ट्रॉन इंडिया के साथ हमारा गठबंधन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विनिर्माण दक्षता का यह रणनीतिक मेल और भारत एवं ताइवान की तकनीकी ताकत भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स पारितंत्र में एक नये युग का सूत्रपात करेगी और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का विजन पूरा करने में मदद करेगी। हम हमारी क्षमता के मुताबिक सरकार द्वारा घोषित पीआईएल स्कीमों में भविष्य में भी भागीदारी करने की संभावना तलाशेंगे।
विस्ट्रॉन स्मार्ट डिवाइसेज़ के अध्यक्ष एवं सीईओ डेविड शेन ने कहा, विस्ट्रॉन प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के विजन का समर्थन करते हुए भारत में एक वैश्विक डिजाइन एवं विनिर्माण केंद्र का सृजन करने को प्रतिबद्ध है। भारत में एक विश्वस्तरीय डिजाइन एवं विनिर्माण ढांचा आज के समय की जरूरत है जिससे वैश्विक कंपनियों की मांग पूरी की जा सके। पीएलआई अगले दशक में इस पारितंत्र को विकसित करने में किसी भी तरह की खाई को पाटने में एक अहम भूमिका निभाएगा। यह हमारे भारतीय साझीदार को सहयोग करने का समय है क्योंकि हम उनके साथ मिलकर एक शानदार यात्रा पर निकले हैं।