पुणे, 27 अक्टूबर, 2021 – कुशक के लॉन्च के बाद, स्कॉडा इस साल के अंत में भारतीय बाजार से संबंधित अपने प्रोडक्ट कैंपेन के दूसरे चरण को दुनिया के सामने लाने के लिए पूरी तरह तैयार है। ‘स्लाविया’ चेक कार निर्माता कंपनी का नवीनतम मॉडल है, जो सेडान की अपनी सीरीज को पूरा करता है। इस नई कार में पर्याप्त जगह मौजूद है जो इस ब्रांड की खास पहचान है। इस नई प्रीमियम मिड-साइज़ सेडान को दो बेहद दमदार एवं अत्यधिक कुशल TSI इंजन के विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा। इसके अलावा, इसमें छह एयरबैग्स के साथ-साथ बेजोड़ सुरक्षा तथा सहायता के लिए कई शानदार सुविधाएं मौजूद हैं। फोक्सवैगन ग्रुप स्कॉडा ऑटो की अगुवाई में इंडिया 2.0 प्रोजेक्ट में एक बिलियन यूरो का निवेश कर रहा है।
इस मौके पर स्कॉडा ऑटो के सीईओ, श्री थॉमस शेफेर ने कहा: “अपने कॉम्पैक्ट SUV ‘कुशक’ को सफलतापूर्वक बाजार में उतारने के बाद, अब अपने नवीनतम मॉडल ‘स्कॉडा स्लाविया’ के साथ हम एक नए मुकाम की ओर बढ़ रहे हैं। मुझे पूरा यकीन है कि इस नई प्रीमियम मिड-साइज़ सेडान को भारत के ग्राहक काफी पसंद करेंगे। हम स्कॉडा ऑटो को भारत में अग्रणी यूरोपीय कार निर्माता कंपनी बनाना चाहते हैं और हम अपने इस लक्ष्य की दिशा में अगला कदम उठा रहे हैं।”
इसके बारे में विस्तार से बताते हुए, श्री गुरप्रताप बोपाराय, मैनेजिंग डायरेक्टर, स्कॉडा ऑटो फोक्सवैगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ने कहा, “नई स्कॉडा स्लाविया के साथ, हमने इंडिया 2.0 प्रोजेक्ट के तहत अपने मॉडल कैंपेन को जारी रखा है। स्कॉडा कुशक को बाजार में उतारने के बाद – जिसे इसकी दमदार बनावट, सुरक्षा, उच्च गुणवत्ता तथा बेमिसाल पैसा वसूल प्रस्तावों के लिए भारतीय ग्राहकों ने काफी पसंद किया है –स्लाविया को लॉन्च किया जाएगा, जो इन सभी कसौटियों पर खरा उतरने के साथ-साथ अपने सेगमेंट में बेमिसाल डिजाइन और बेजोड़ प्रदर्शन का एक नया मानदंड स्थापित करेगा। पूरी दुनिया के लिए भारत में निर्मित हमारा नवीनतम मॉडल, हमारे स्थानीय इंजीनियरों के कौशल एवं विशेषज्ञता को दर्शाता है, जिन्होंने हमारी वैश्विक टीम के साथ मिलकर इसे विकसित करने में बेहद अहम योगदान दिया है।”
श्री ज़ैक हॉलिस, ब्रांड डायरेक्टर- स्कॉडा ऑटो इंडिया, ने कहा: “नई स्लाविया के साथ हम ढेर सारी सुविधाओं से सुसज्जित वाहन को लॉन्च कर रहे हैं, जो शानदार डिजाइन, बेमिसाल निर्माण गुणवत्ता, विश्वसनीयता और ड्राइविंग का बेजोड़ अनुभव प्रदान करेगा। स्लाविया में प्रीमियम मिड-साइज़ सेडान की सभी सुविधाओं के साथ-साथ स्कॉडा की अव्वल दर्जे की डिजाइन लैंग्वेज, नवीनतम तकनीक और सहायता के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।”
बिल्कुल नई स्लाविया: स्कॉडा ऑटो की समृद्ध विरासत के प्रति सम्मान
इस नई प्रीमियम मिड-साइज़ सेडान मॉडल यह नाम म्लाडा बोलेस्लाव में लॉरिन एंड क्लीमेंट के सफर की शुरुआत की याद दिलाता है। कंपनी की स्थापना के ठीक एक साल बाद, सन 1896 में वैक्लेव लॉरिन और वैक्लेव क्लीमेंट द्वारा साथ मिलकर ‘स्लाविया’ ब्रांड के नाम से बनाई गई पहली साइकिल की बाजार में सफलतापूर्वक बिक्री की गई। स्कॉडा का आगामी वाहन ‘स्लाविया’, इस बार भारतीय बाजार में एक नए युग की शुरुआत करेगा – और इस मॉडल के नाम के साथ कंपनी की शुरुआत के प्रति सम्मान प्रकट किया गया है।
कॉम्पैक्ट और ज्यादा जगह के साथ-साथ बेहद आकर्षक डिजाइन
नई स्कॉडा स्लाविया की लंबाई 4,541 mm*, चौड़ाई 1,752 mm* तथा ऊँचाई 1,487 mm* है; इसके व्हीलबेस का आकार 2,651 mm* है। अपनी बाहरी संरचना की वजह से यह शहरों के लिए एकदम उपयुक्त वाहन है, साथ ही ब्रांड के बेहतरीन इंटीरियर तथा ज्यादा जगह के कारण यह नई कार परिवार में रोजमर्रा के कार्यों में इस्तेमाल के लिए भी बिल्कुल सही है।
उच्चस्तरीय सुरक्षा तथा अधिकतम आराम के लिए ढेर सारी सहायता सुविधाएँ
इस नई प्रीमियम मिड-साइज़ सेडान में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर सुरक्षा के शानदार फीचर्स के साथ-साथ सहायता के लिए कई सुविधाएं भी मौजूद हैं। कार में बैठने वाले लोगों – यानी चालक और सामने वाले यात्री की सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग्स मौजूद हैं, साथ ही इसमें फ्रंट साइड एयरबैग्स और हेड कर्टन एयरबैग्स का विकल्प भी उपलब्ध होगा।
दमदार एवं अत्यधिक कुशल, तथा विश्व स्तर पर प्रमाणित TSI इंजन
नई स्कॉडा स्लाविया दो बेहद दमदार एवं अत्यधिक कुशल TSI इंजन के विकल्पों में उपलब्ध है। ये दोनों इंजन ड्राइविंग में बेहतरीन प्रदर्शन के साथ-साथ ईंधन की बचत भी प्रदान करते हैं। एंट्री-लेवल 1.0-लीटर TSI इंजन के तीन सिलेंडरों से 85 kW (115 PS)* का आउटपुट मिलता है, जबकि चार-सिलेंडर वाले 1.5-लीटर TSI इंजन का आउटपुट 110 kW (150 PS)* है। ये दोनों इंजन वाहन के अगले पहियों पर पावर ट्रांसफर करते हैं। 1.5-लीटर इंजन को एक्टिव सिलेंडर टेक्नोलॉजी (ACT) के साथ पेश किया गया है। इंजन लोड कम होने पर ACT अपने आप ही दो सिलेंडर बंद कर देता है, जिससे ईंधन की क्षमता बढ़ जाती है। स्लाविया में स्टैंडर्ड के रूप में 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स लगाया गया है। 1.0-लीटर TSI के लिए 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन वैकल्पिक रूप से उपलब्ध है, जबकि 1.5-लीटर TSI को 7-स्पीड DSG के साथ भी जोड़ा जा सकता है।
“कैमफ्लेज़ विद स्कॉडा” डिजाइन प्रतियोगिता के विजेता ने बेहद खास कवर्ड ड्राइव कैमफ्लेज़ तैयार किया है
‘कवर्ड’ स्लाविया के लिए कैमफ्लेज़ को एक भारतीय डिजाइनर ने तैयार किया है। इस प्रतियोगिता के तहत स्कोडा ऑटो इंडिया के पास 200 से ज्यादा डिजाइनों के नमूने भेजे गए, जिनमें से 5 डिजाइनों का चयन अंतिम दौर के लिए किया गया था। जूरी के सदस्यों में स्कॉडा ऑटो फोक्सवैगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर, श्री गुरप्रताप बोपाराय, स्कॉडा ऑटो के ब्रांड डायरेक्टर, श्री ज़ैक हॉलिस, तथा स्कोडा डिजाइन के प्रमुख, श्री ओलिवर स्टेफनी शामिल थे, जिन्होंने श्रेयस करंबेलकर द्वारा बनाए गए रैप्स को विजेता के रूप में चुना, और इस तरह उन्हें प्राग जाकर श्री ओलिवर स्टेफनी के साथ बैठक में शामिल होने का अवसर मिला।