छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में अरहनपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैंप में एक जवान ने अपने सोते हुए साथी जवानों पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में चार सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। अंधाधुंध फायरिंग करने वाले जवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र खरे ने मंगलवार को बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर अरनपुर गांव स्थित (सीआरपीएफ) शिविर में 111वीं बटालियन एफ कंपनी के जवान दीप कुमार तिवारी ने पांच जवानों को गोली मार दी। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया है।
सोमवार रात करीब सवा 12 बजे सीआरपीएफ के जवान भोजन के बाद अपने बैरक में सो रहे थे और दीप कुमार बाहर टहल रहा था। अचानक दीप कुमार ने पास में ही सो रहे अन्य जवानों पर अपने सर्विस रायफल से गोली चला दी। घटना में तीन जवानों की घटनास्थाल पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
बैरक में अचानक गोलीबारी की आवाज सुनकर अन्य जवान सोते से उठे और उन्होंने दीप को पकड़ लिया। अधिकारी और कैंप में मौजूद चिकित्सक भी वहां पहुंचे गए। इसके बाद दो घायल जवानों को जगदलपुर रवाना किया गया, जिसमें एक की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक जवान को जगदलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दीप को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में आरोपी दीप कुमार ने बताया कि पिछले दो दिन से उसकी तबीयत कुछ ठीक नहीं है। रात में जब सारे जवान सो रहे थे, तब उसकी मानसिक हालत बिगड़ी और उसने गोली चला दी। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित अरनपुर क्षेत्र में सीआरपीएफ की 111वीं बटालियन की दो कंपनियां एफ और डी कंपनी तैनात है। हमलावर जवान एफ कंपनी का है।
