आंखों को नम कर गई गैंगरेप पीड़ित की मौत की खबर

गैंगरेप पीड़ित की मौत की खबर भारत आने के बाद दिल्ली समेत पूरे भारत में लोगों की नींद उड़ गई है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं जाने-माने गीतकार जावेद अख्तर ने कहा है कि गैंगरेप की शिकार पीड़ित भले ही हमारे बीच से चली गई है। लेकिन उसकी मौत कई सवालों के जवाब मांग रही है। केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ ने दुख जताते हुए कहा कि अब वक्त है जब सरकार उन दरिंदगों को कड़ी सजा दिलवा पाने में कामयाब हो जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि पूरी कोशिश के बाद आज हम हार गए।

अमिताभ बच्चन ने भी इस घटना पर ट्वीट कर कहा है कि इस घटना ने उन्हें परेशान कर दिया है, वह बहुत दुखी हैं। शबाना आजमी ने ट्वीट कर कहा है कि इस घटना के बाद हमारी नाकामी हमें जीभ चिढ़ा रही है। लड़की की मौत कई सवाल खड़े कर गई है आखिर कब तक ऐसा होता रहेगा और कब तक लड़कियां ऐसे ही मरती रहेंगी।

सफदरजंग अस्पताल के बीडी अथानी ने कहा कि लड़की की हालत पहले दिन से ही बेहद खराब थी। उन्होंने उसकी मौत पर गहरा दुख जताया है। वह पहले डॉक्टर थे जिन्होंने पीड़िता को बचाने की पूरी कोशिश की थी। गैंगरेप पीड़ित मौत की खबर आते ही इससे जुड़े तमाम लोगों की आंखे नम हो गई हैं। उसके लिए दिन रात प्रदर्शन करने वाले और उसके लिए दुआ करने वाले इस घटना से पूरी तरह से हिल गए हैं।

विजय माल्या ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। भारतीय महिला आयोग और दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे भारत को झकझोर कर रख दिया है। गैंगरेप पीड़िता ने शुक्रवार देर 2:15 बजे अंतिम सांस ली। शुक्रवार को रात में उसके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है।

error: Content is protected !!