सबसे ठंडे दिन पर बुरी तरह ठिठुरी दिल्ली, तापमान1.9 डिग्री पहुंचा

देश के उत्तरी व मध्य क्षेत्र के मैदानी भागों में रविवार को पारा और अधिक गिर गया। दिल्ली में रविवार सुबह सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा और सुबह आठ बजे तापमान 1.9 रिकार्ड किया गया। वर्ष की शुरुआत से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हर रोज टूटते रिकार्ड इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि आने वाले कुछ दिनों में शायद दिल्ली में तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाए।

शनिवार को पहाड़ों की तरह ठंड पड़ी। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान में कई स्थानों पर शिमला से अधिक पारा में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में काफी कम अंतर होने की वजह से लोग गलन से कराह उठे। कोहरे की मार से यातायात भी प्रभावित हुआ।

राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम 12.6 डिग्री सेल्यिस रहा, जो सामान्य से करीब आठ डिग्री कम था। इसके चलते लोग दिन भर गलन से जूझते रहे। सुबह दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में कोहरा भी छाया रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। दिन में धूप तो खिली, लेकिन ठंड को कोई राहत नहीं मिली। ठंड से जूझ रहे हरियाणा व पंजाब के लोगों का शनिवार को और बुरा हाल रहा। हरियाणा के नारनौल में इस मौसम का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। राज्य में कोहरा भी खूब पड़ा। पंजाब में अमृतसर व चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान चार व अधिकतम लगभग आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन दोनों के बीच सिर्फ चार डिग्री का अंतर होने की वजह से जनजीवन गलन से बेहाल हुआ। उत्तर प्रदेश में लखनऊ, आगरा, गाजीपुर व बिजनौर में पारा दो डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जबकि मुजफ्फनगर में सबसे कम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राज्य में कई स्थानों पर घना कोहरा भी पड़ा। राजस्थान में गत दो दिनों की तुलना में शनिवार को ठंड और बढ़ी। माउंट आबू में पारा शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि फतेहपुर में शून्य। मध्य प्रदेश में भी शनिवार को कड़ाके की ठंड पड़ी। ग्वालियर समेत राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान दो डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

पर्वतीय राज्यों में भी ठंड सितम ढा रही है। श्रीनगर में शुक्रवार की रात इस मौसम की सबसे सर्द रात रही। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गौरतलब है श्रीनगर में गत तीन दिनों से पारे में जबदस्त गिरावट दर्ज की जा रही है। डल झील समेत कई अन्य जलस्रोतों में जमी बर्फ की परत और मोटी हो गई है। हिमाचल में बढ़ रही ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नौ जनवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में बर्फबारी व बारिश की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में इस विक्षोभ का प्रभाव अधिक है। शनिवार को केलंग में सबसे कम तापमान शून्य से 7.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। जबकि, राजधानी शिमला के जलस्रोतों में पानी जमना शुरू हो गया है। शिमला का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तराखंड में पौष का रंग अपनी रवानी पर है। पहाड़ों में चटख धूप के बीच दिन जितना सुहाना है, सुबह व रात उतनी ही अधिक सर्द। मैदानी इलाकों में कोहरे के साथ ही बर्फीली हवा ने खासी दुश्वारियां खड़ी की हुई हैं। शनिवार को ही राज्य में पहाड़ व मैदान दोनों जगह ही न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री के बीच झूलता रहा। राज्य में अल्मोड़ा और मुक्तेश्वर का न्यूतनम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

error: Content is protected !!